डकैतों ने शिक्षक दंपती को बंधक बनाकर चार घंटे तक घर में मचाया तांडव

Crime

देर रात लगभग 15 की संख्या में आए अपराधियों ने नकदी, सोने चांदी के आभूषण सहित अन्य कीमती सामान लूट लिये, सभी खाना बनवाकर खाये और तड़के सुबह घर से भागे

Eksandeshlive Desk

पलामू : पलामू जिले के दरनगर थाना क्षेत्र के कुकही के मुगलजान टोला में गुरुवार देर रात लगभग 15 की संख्या में आए डकैतों ने शिक्षक दंपती को बंधक बनाकर चार घंटे तक घर में तांडव मचाया। घर में रखे नकदी, सोने चांदी के आभूषण सहित अन्य कीमती सामान लूट लिये। खाना बनवाकर खाया। डकैत शुक्रवार तड़के सुबह घर से भागे। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अफजल अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एस. मो. याकूब ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ितों से पूछताछ की।

ग्रामीण पुलिस की निष्क्रियता को जिम्मेदार ठहरा रहे : जानकारी के अनुसार सरस्वती शिशु मंदिर जपला के शिक्षक मृत्युंजय मेहता एवं उनकी पत्नी पारा शिक्षिका अनिता देवी गुरुवार रात लगभग 11 बजे खाना खाकर सो गए थे। मृत्युंजय मेहता शौच के लिए उठे तो छत पर संदिग्ध आहट सुनाई दी। नीचे लौटते ही उनका सामना हथियारबंद डकैत से हो गया। हल्की हाथापाई के बाद चार और डकैत अंदर घुस आए, जबकि बाकी बाहर पहरा देते रहे। डकैत पिस्तौल, चाकू और लोहे की रॉड से लैस थे। उन्होंने दंपती को बेरहमी से पीटा। हथियार तानकर डराया और घर में मौजूद हर बक्से, अलमारी और बैग को खंगाल डाला। जेवर, नकदी और कीमती सामान लूटकर अपने कब्जे में ले लिया। डकैतों ने चार घंटे तक लगातार नकदी और चाभी की मांग की। इतना ही नहीं, दंपती को खाना बनाने तक के लिए मजबूर किया। वारदात रात 11 बजे से 3 बजे तड़के सुबह तक चलती रही। जाते-जाते गिरोह ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण पहुंचे और घायल दंपती को हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। ग्रामीण पुलिस की निष्क्रियता को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक परिवार पर हमला और चार घंटे तक डकैतों का बेखौफ घूमना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की पूरी तरह पोल खोल देती है।

Spread the love