हजारीबाग: पुलिस ने शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर नकेल कसते हुए दो बड़ी वारदातों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कुल छह अपराधियों को गिरफ्तार कर करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने, नकदी और वाहन बरामद किए हैं। दोनों मामलों का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) अमित आनंद ने किया। लोहसिंघना थाना क्षेत्र के बड़ा अखाड़ा, जादो बाबू चौक के पास 28 अक्टूबर 2025 को किरण बाला के घर से लगभग 40 लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी हो गए थे। इस संबंध में थाना कांड संख्या 162/25 दर्ज की गई थी। चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए गठित एसआईटी टीम ने गुप्त सूचना पर 9 नवम्बर की रात झील परिसर स्थित महात्मा गांधी स्मारक के पास छापेमारी की, जहाँ चोरी की योजना बना रहे तीन अपराधी मो० अजुबा उर्फ समीर, निकी शर्मा उर्फ तरुण शर्मा और बिशु कुमार सोनी को मौके पर पकड़ा गया। पूछताछ में तीनों ने किरण बाला के घर में हुई चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर रामगढ़ के चिरपुर से गलाया हुआ 59 ग्राम सोना और 389 ग्राम चांदी बरामद किया गया। इसके बाद मो० अजुबा की निशानदेही पर विकास कुमार सोनी को कटकमदाग थाना क्षेत्र के कुद से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने चारों आरोपियों के पास से 120 ग्राम सोना, 500 ग्राम चांदी, एक यामाहा स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद किया है। इस कार्रवाई में डीएसपी अमित आनंद, थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा, तकनीकी शाखा प्रभारी कुणाल किशोर, एसआई बिंदु रजक, पिंटू कुमार और लोहसिंघना थाना का सशस्त्र बल शामिल था। गिरफ्तार सभी अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास है जिसमें मो० अजुबा उर्फ समीर पर सदर थाना में एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं, जबकि निकी शर्मा उर्फ तरुण शर्मा के खिलाफ रांची और चतरा में 20 से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामले, जिनमें डकैती, हत्या और धोखाधड़ी शामिल हैं। विकास सोनी और बिशु सोनी पर भी कई चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। इसी तरह 5 नवम्बर 2025 को बड़ाबाजार ओपी क्षेत्र के छोटी ग्वालटोली चौक, चतरा बस स्टैंड स्थित सरदार रणवीर सिंह के घर से दिनदहाड़े करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए थे। इस मामले में थाना कांड संख्या 326/25 दर्ज की गई थी। एसआईटी टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर इस मामले का भी खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस चोरी के मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम कुमार यादव उर्फ फक्कू और वीणा ज्वेलर्स के मालिक नीरज कुमार सोनी उर्फ पप्पु को गिरफ्तार किया। फक्कू ने पूछताछ में स्वीकार किया कि चोरी किए गए गहनों का कुछ हिस्सा उसने नीरज सोनी को बेच दिया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 251.3 ग्राम सोने के आभूषण और 4,000 रुपये नकद बरामद किए। वहीं नीरज सोनी के पास से 4.34 ग्राम सोना और 35,000 रुपये नकद तथा पंकज ज्वेलर्स के मालिक बृज किशोर उर्फ बिक्की के पास से 12.8 ग्राम सोना बरामद किया गया। इस छापेमारी दल में डीएसपी अमित आनंद, प्रभारी पंकज कुमार, एसआई सुधीर कुमार, गौतम उरांव और तकनीकी शाखा की टीम शामिल थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी पुरुषोत्तम कुमार यादव पर पहले से कई चोरी और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं, जबकि ज्वेलर नीरज सोनी भी पूर्व में एक आपराधिक प्रकरण में संलिप्त रह चुका है।इन दोनों मामलों के सफल उद्भेदन से हजारीबाग पुलिस ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर इस कार्रवाई से आम नागरिकों में राहत और पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है।
