Lathehar : गारू प्रखंड मुख्यालय स्थित उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय गारू के तत्वाधान में दो दिवसीय ग्राम शिक्षा संगम कार्यक्रम 7 एवं 8 जनवरी को संपन्न हुआ। उक्त दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के पोषक क्षेत्र ग्राम धांगरटोला तथा ग्राम हेसाग में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षिकाओं शिक्षकेत्तर कर्मियों के साथ-साथ गांव के बच्चे, अभिभावक, सम्मानित अतिथि, प्रबंधन समिति के सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि आदि की उपस्थित रही। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य धर्मेंद्र कुमार उपाध्याय द्वारा बताया गया कि विभागीय आदेशानुसार दिए गए निर्देशों के अनुसार अपने पोषक क्षेत्र में ग्राम शिक्षा संगम का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य शिक्षा का नियमित माहौल बनाना, स्कूल बंद के दौरान शैक्षिक गतिविधियों को बनाए रखना, संस्कृति का विकास करना तथा विभाग द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न शैक्षिक अभियानों से सभी को अवगत कराना है। ठंड के बढ़ते प्रकोप के कारण इन दिनों विद्यालय में पठन- पाठन का कार्य स्थगित है, जिस कारण बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई से जोड़े रखने के लिए ग्राम शिक्षा संगम एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के दौरान कई महत्वपूर्ण गतिविधियों का संचालन किया गया। प्रार्थना सत्र, परिचय सत्र, आइस ब्रेकर, अभियान गीत, खेल खेल में सीखो, अभिभावक शिक्षक, लोक कला संस्कृति की जानकारी के साथ-साथ विभाग द्वारा चलाए जा रहे महत्वपूर्ण शैक्षिक अभियानों के बारे में सभी को अवगत कराया गया। इसके साथ ही लोगों के बीच सड़क सुरक्षा जागरूकता, दहेज प्रथा- सामाजिक बुराई, बाल विवाह- मुक्त झारखंड, तथा मानव तस्करी- एक अपराध जैसे विषयों पर भी गंभीरता पूर्वक लोगों को जागरूकता प्रदान किए गए। इस अवसर पर धागा टोला पंचायत के मुखिया प्रभा देवी मौजूद रहीं। विद्यालय के शिक्षक देवनाथ महतो, शिव कुमार, मोहित कुमार मिश्र, रहमान अंसारी, संतोष तिर्की, दीप्ति लकड़ा, कंचन लकड़ा, सोहंती भगत, समीर निशांत तिग्गा, काजल कुमारी, मंजू कुजूर, प्रदीप सिंह, प्रवीण कुमार सिंह, उदयवीर सिंह, मंटू कुमार, राज किशोर सिंह, पप्पू पासवान, इबरार आलम के साथ-साथ लिपिक अजीत नारायण सिंह, अंस्लेम कुजूर आदेशपाल राजेंद्र सिंह एवं सुनील आइंद ने अपना महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
