Kamesh Thakur
रांची: नगड़ी थाना क्षेत्र के कतरपा गांव मे मंगलवार की रात हुए दोहरे हत्याकांड़ मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली। इस हत्याकांड को अंजाम देने वाले दो अपराधियों को रांची पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में मनोहर टोपनो और सुनिल कच्छप शामिल है। इनके पास से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एके 47 हथियार, छह जिंदा गोली, एक मोटरसाइकिल,एक कार को बरामद किया है।
रांची एसएसपी चन्दन कुमार सिन्हा ने गुरूवार को प्रेसवार्ता में बताया कि नगड़ी थाना अंतर्गत कतरपा गांव में मंगलवार की रात अज्ञात अपराधियों ने दो लोगों की गोली मारकर हत्या को अंजाम देकर फरार हो गये थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अपराधियों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि मृतक बुधराम मुण्डा के भाई मनोरंजन जो सेना के जवान है। उससे जमीन बेचने के एवज में रूपये लिए थे। लेकिन मृतक बुधराम मुंडा जमीन बेचने में अड़चन डाल रहे थे।
एसएसपी ने बताया कि सेना के जवान मनोरंजन टोपनो ने घटना को अंजाम दिया था। मनोरंजन भारतीय सेना में है और उसकी तैनानी जम्मू कश्मार के कुपवाड़ा में है। वह अपने यूनिट से चोरी से एके 47रायफल लेकर आया था। और मंगलवार की रात को उसी रायफल से मनोरंजन टोपनो ने बुधराम मुंडा और मनोज कच्छप की गोली मार कर हत्या कर दी थी। जमीन विवाद कई महीनों से चल रहा था। इसी बीच एक साजिश के तहत मनोरंजन बुधराम मुंडा को रास्ते से हटाने के लिए प्लान बनाया और बीते मंगलवार की रात मौका देखकर जवान और उसके साथियों ने बुधवार मुंडा को गोली मार दी। बुधराम मुंडा को गोली मारते जवान और उसके साथियों को मनोज कच्छप ने पहचान लिया था। इसलिए अपराधियों ने उसे भी गोली मारकर फरार हो गये थे।
