Eksandeshlive Desk
खूंटी : संत जोसेफ इंटर कालेज तोरपा में पढ़ रहे अपने दो दोस्तों को परीक्षा केंद्र पहुंचाने जा रहे किशोर लुगुन (18) की गुरुवार को तोरपा में हुई सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मृतक कामडारा थाना क्षेत्र के सरिता महुआ टोली गांव का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार रोशन सुरीन ने इसी वर्ष मैट्रिक की परीक्षा दी है। उसके दोस्त सरिता निवासी राम देवाशीष और सोदे निवासी कर्ण लोहरा संत जोसेफ इंटर कालेज में पढ़ते हैं। रोशन गुरुवार को दोनों को अपनी बाइक से तोरपा के डिग्री से श्री हरि स्कूल परीक्षा केंद्र पहुंचाने जा रहा था।
तोरपा थाना क्षेत्र के पेट्रोल पंप से कुछ दूर पहले विनोद भवन के पास टाटा मैजिक मिनी ट्रक को चालक घुमा रहा था। उसी दौरान बाइक चालक ने मिनी ट्रक को ठोकर मार दी। इससे बाइक सवार तीनों लोग घायल हो गए। तीनों को तोरपा के रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने रोशन को मृत घोषित कर दिया। राम देवाशीष और कर्ण लोहरा को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल खूंटी भेजा गया। देवाशीष की गम्भीर स्थिति को देखते हुए उसे रिम्स रांची रेफर कर दिया गया। कर्ण लोहरा का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।