Ashutosh Jha
काठमांडू: प्रमुख राजनीति दल नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत समाजवादी) के यहाँ चल रहे दसवें राष्ट्रीय महाधिवेशन में बुधवार को यह निर्णय लिया गया है कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का चयन सर्वसम्मत रूप से होगा। नेकपा (एस) के नेता रेवंत झा तथा राजदेवी नगरपालिका के मेयर भिखारी प्रसाद यादव ने संयुक्त रूप से बताया है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा पूर्व प्रधानमंत्री माधव कुमार नेपाल के हाथ ही पार्टी की कमान रहेगी। नेकपा(एस) के राष्ट्रीय महाधिवेशन 30 जून से प्रारंभ होकर 4 जुलाई तक चलेगा। महाधिवेशन में राजनीतिक दस्तावेज, समाजवादी कार्यक्रम विधान तथा संगठन से संबद्ध दस्तावेज पर आए सुझाव पेश किए गए। एक हजार आठ सौ उनचास प्रतिनिधियों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। महाधिवेशन द्वारा 299 सदस्यीय कार्यसमिति का चयन भी किया जायेगा | 1849 प्रतिनिधियों को विद्युतीय उपकरण से मतदान के लिए प्रशिक्षित किया गया है। बारह समूह बनाकर बुधवार को बातचीत से प्राप्त सुझावों को बैठक में प्रस्तुत किया गया है। संबंधित समूह की टोलियों के अगुआओं के सुझाव पेश करने के बाद दस्तावेज को परिमार्जित कर अनुमोदित किया जायेगा। पार्टी के प्रमुख नेता रेवंत झा के अनुसार शीर्ष नेतृत्व के सर्व सहमति से चयन के बावजूद अन्य पदाधिकारियों व सदस्यों को चुनने के लिए मतदान होगा।