द्वितीय सीनियर राष्ट्रीय सुपर स्पीड खो-खो प्रतियोगिता में झारखंड का शानदार प्रदर्शन

Sports

Eksandeshlive Desk

रांची : गुरुग्राम (हरियाणा) में आयोजित द्वितीय सीनियर राष्ट्रीय सुपर स्पीड खो-खो प्रतियोगिता में झारखंड की टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नया इतिहास रच दिया। प्रतियोगिता में झारखंड की सीनियर बालक टीम ने रजत पदक, जबकि बालिका टीम ने कांस्य पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता सुपर स्पीड खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में, मान्यता प्राप्त हरियाणा राज्य सुपर स्पीड खो-खो संघ द्वारा आयोजित की गई थी। रजत पदक के लिए झारखंड की बालक टीम ने फाइनल मुकाबले में हरियाणा को कड़े संघर्ष में 27–22 अंकों से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वहीं बालिका वर्ग में झारखंड की टीम ने नई दिल्ली को 21–16 अंकों से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।

झारखंड की बालिका टीम ने लगातार दूसरे वर्ष जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के बाद अब सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी कांस्य पदक जीतकर अपना दबदबा कायम रखा। व्यक्तिगत उपलब्धियों में बालक वर्ग के सर्वश्रेष्ठ धावक का पुरस्कार विप्लव महतो तथा बालिका वर्ग की सर्वश्रेष्ठ धाविका का पुरस्कार प्रीति कुमारी को ट्रॉफी एवं नगद राशि के साथ प्रदान किया गया। बालक टीम की ओर से कप्तान शिवम नायक, उपकप्तान विप्लव महतो, राजवीर कुमार, सौरभ कुमार और कुलदीप महतो ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं बालिका टीम में कप्तान प्रीति कुमारी, उपकप्तान सृष्टि कुजूर, पूजा कुमारी, अनुप्रिया उरांव, रीतिका कुमारी, बिंदया मांझी और ऋचा कुमारी ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। इस उपलब्धि पर झारखंड राज्य सुपर स्पीड खो-खो संघ के अध्यक्ष डॉ. अजय झा, महासचिव विवेक कुमार, संयुक्त सचिव नीतीश कुमार साहू, संरक्षक सजल बनर्जी, कार्यकारी अध्यक्ष भरत कुमार, कोषाध्यक्ष शहजाद कुरैशी, वरीय उपाध्यक्ष आशुतोष द्विवेदी एवं एकता झा, उपाध्यक्ष अखिलेश्वर उपाध्याय सहित अन्य पदाधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Spread the love