ईरान का संयुक्त अरब अमीरात के दुबई शहर पर हमला, एयरपोर्ट का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त, कतर के दोहा में धमाके

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

दुबई/दोहा/तेहरान/वाशिंगटन/तेल अवीव/काठमांडू : इजराइल-अमेरिका के संयुक्त हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैय्यद अली खामेनेई और उनके परिवार के कई सदस्यों के मारे जाने के बाद इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने रविवार सुबह संयुक्त अरब अमीरात के शहर दुबई पर हवाई हमला किया। इस हमले में जेबेल अली इंटरनेशनल एयरपोर्ट का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में एयरपोर्ट के अंदर धुआं नजर आ रहा है। स्टाफ बिल्डिंग खाली कर रहा है। कतर के दोहा में भी धमाके हुए हैं। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, दुबई में सुबह लगातार शक्तिशाली विस्फोट हुए। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। एयरपोर्ट और आसपास धुआं नजर आ रहा है। अधिकारियों ने कहा कि विस्फोट के बाद दुबई के बिजनेस बे के ऊपर एक हवाई इंटरसेप्शन से निकले मलबे से शहर के बड़े कमर्शियल पोर्ट में आग लग गई। उधर, कतर के दोहा में रविवार सुबह स्थानीय समयानुसार 7:30 बजे कई जोरदार धमाके सुने गए। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शासन बदलने के आह्वान के बाद ईरान ने अभूतपूर्व हमले की चेतावनी दी है। इजराइल की नेशनल इमरजेंसी सर्विस का कहना है कि शनिवार को देशभर में हुए हमलों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 121 अन्य घायल हो गए। एक अन्य रिपोर्ट में कहा गया है कि तेल अवीव में ईरान के मिसाइल हमले में कई लोगों की मौत हो गई।

नेपाल ने मध्यपूर्व में कूटनीति व संवाद के जरिए शांति स्थापित करने पर जोर दिया : नेपाल ने मध्यपूर्व में जारी तनाव को कूटनीति और संवाद के माध्यम से सुलझाने के लिए सभी पक्षों से आग्रह किया है। नेपाल के विदेश मंत्रालय ने रविवार को संयम बरतने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। नेपाल सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि वह क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रम पर निकटता से नजर रखे हुए है। सरकार ने संयुक्त राष्ट्र के चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किए जाने के महत्व को दोहराया। नेपाल ने प्रभावित देशों में बड़ी संख्या में कार्यरत नेपाली श्रमिकों की उपस्थिति का उल्लेख करते हुए उनसे सुरक्षित रहने, आधिकारिक निर्देशों का पालन करने तथा नेपाली दूतावासों के साथ नियमित संपर्क में रहने का आग्रह किया है।

यूएई में दूतावास ने नेपाली नागरिकों को सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर आगाह किया : संयुक्त अरब अमीरात में नेपाली दूतावास ने यूएई में विकसित हो रही परिस्थितियों के संदर्भ में वहां निवास कर रहे समस्त नेपाली समुदाय से सोशल मीडिया के माध्यम से अपुष्ट और भ्रामक सामग्री साझा न करने का आग्रह किया है। दूतावास ने ‘एडवाइजरी-2’ जारी करते हुए अज्ञात स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं, अफवाहों या आधिकारिक रूप से पुष्टि न की गई सामग्रियों को प्रकाशित या प्रसारित न करने की अपील की है। परामर्श में कहा गया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म या अन्य तकनीकी माध्यमों से अपुष्ट सामग्री साझा करने से सुरक्षा स्थिति को लेकर भ्रम और अनिश्चितता उत्पन्न हो सकती है, इसलिए सभी को ऐसे कार्यों से बचने के लिए सचेत किया गया है। यह भी कहा गया है कि यूएई के संबंधित निकाय पहले ही चेतावनी दे चुके हैं कि इस प्रकार की गतिविधियां कानून के अनुसार दंडनीय हैं। अतः वहां रह रहे नेपाली नागरिकों से स्थानीय कानूनों का पूर्ण पालन करने और अफवाह फैलाने से दूर रहने का अनुरोध किया गया है। दूतावास ने विकसित परिस्थितियों से संबंधित सही और आधिकारिक जानकारी प्राप्त करने के लिए यूएई सरकार के आधिकारिक निकायों की वेबसाइट और सूचनाओं के माध्यम से ही अपडेट लेने की सलाह दी है। केवल यूएई के सरकारी निकायों द्वारा जारी सूचनाओं और अपडेट को ही आधार मानने का आग्रह किया गया है। इससे पहले भी दूतावास ने पहली एडवाइजरी जारी करके अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की थी।

Spread the love