तेहरान ने युद्ध रोकने के लिए रखीं तीन शर्तें, ईरान के कानूनी अधिकारों को मान्यता, नुकसान की भरपाई और भविष्य में हमला न होने की गारंटी मांगी

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

तेहरान/वाशिंगटन/सैक्रामेंटो (कैलिफोर्निया) : अमेरिका-इजराइल और ईरान युद्ध का आज गुरुवार को 13वां दिन हैं। ईरान से शुरू यह जंग फारस के खाड़ी देशों तक फैल चुकी है। ईरान और इजराइल के ताबड़तोड़ हमलों से पश्चिम एशिया में हालात और बदतर हो गए हैं। इस बीच, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने युद्ध रोकने के लिए दुनिया के सामने तीन शर्तें रखी हैं। अल जजीरा न्यूज चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के राष्ट्रपति पेजेशकियन ने कहा कि यह तीनों शर्तें बेहद जरूरी हैं। अगर ईरान के कानूनी अधिकारों को मान्यता देने, युद्ध के नुकसान की भरपाई करने और भविष्य में हमला न होने की अंतरराष्ट्रीय गारंटी मिल जाए तो ईरान तत्काल प्रभाव से युद्ध रोक देगा। उन्होंने कहा, ईरान के बातचीत की पटरी पर लौटने का मतलब यह नहीं कि वह कमजोर है।

कैलिफोर्निया पर ईरान कर सकता है ड्रोन हमला, एफबीआई ने किया आगाह : दूसरी ओर इस युद्ध पर अपना बहुत कुछ गंवा चुके अमेरिका के तेवर अभी भी तल्ख हैं। अमेरिकी मीडिया में प्रसारित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयानों से फिलवक्त ऐसा नहीं लग रहा कि युद्ध की लपटें बुझेंगी। ट्रंप ने केंटकी राज्य में एक रैली में कहा कि ईरान जंग में अमेरिका जीत चुका है, लेकिन मिशन पूरा होने तक लड़ाई जारी रहेगी। इस बीच अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन ने संसद को बताया कि ईरान जंग के शुरुआती छह दिन में अमेरिका ने करीब 11.3 अरब डॉलर (लगभग एक लाख करोड़ रुपये) खर्च कर दिए। इनमें से करीब पांच अरब डॉलर (लगभग 45 हजार करोड़ रुपये) हथियारों और गोला-बारूद पर खर्च हुए। अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने कैलिफोर्निया के साथ एक आंतरिक दस्वावेज साझा किया है। इसमें आशंका जताई गई है कि कैलिफोर्निया पर ईरान कभी भी ड्रोन हमला कर सकता है। अमेरिका-इजराइल की ईरान के खिलाफ जारी सैन्य अभियान के दौरान आई इस जानकारी को बेहद गंभीर माना जा रहा है। सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, इस रिपोर्ट पर कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम ने टिप्पणी की है। उन्होंने एक्स पर कहा: “हालांकि हमें इस समय किसी भी आने वाले खतरे के बारे में पता नहीं है। हम अपने राज्य में किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार हैं।” अधिकारियों के अनुसार, एफबीआई के इस दस्तावेज की सूचना से सुरक्षा संबंधी चिंता बढ़ गई है। हालांकि लॉ एनफोर्समेंट के अधिकारी और होमलैंड सिक्योरिटी विशेषज्ञ ने कहा कि इस चेतावनी से घबराने जैसी कोई बात नहीं है। बताया गया है कि इस दस्तावेज को एफबीआई के लॉस एंजिल्स ऑफिस ने स्थानीय लॉ एनफोर्समेंट के साथ पिछले हफ्ते साझा किया। एफबीआई का कहना है कि इस सूचना को सत्यापित नहीं किया जा सका है, इसलिए कोई खास खतरा नहीं है। बावजूद इसके सतर्क रहने की जरूरत है।

Spread the love