एक अपराधी कट्टा और गोली के साथ गिरफ्तार

Crime Ek Sandesh Live

SUNIL RAJ

गिरिडीह : पुलिस ने अपराध की बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में लगे एक अपराधी को कट्टा और गोली के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेश यादव के रूप में हुई है, जो जमुआ थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव का निवासी है। इस संबंध में खोरीमहुआ के एसडीपीओ ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक अपराधी अवैध हथियार के साथ इलाके में घूम रहा है। सूचना के आधार पर 25 दिसंबर की रात करीब 11:40 बजे नवडीहा ओपी (जमुआ थाना क्षेत्र) अंतर्गत कुरहोबिंदो–बिशुनपुरा मुख्य ग्रामीण मार्ग पर हाई स्कूल के सामने विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति को रोका गया, जो अवैध हथियार के साथ क्षेत्र में रंगदारी वसूलने एवं दहशत फैलाने की नीयत से घूम रहा था। नवडीहा ओपी प्रभारी पुअनि दीपक कुमार के नेतृत्व में पुलिस दल ने तत्परता दिखाते हुए घटना घटित होने से पहले ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में नवडीहा ओपी में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)A/26/35 के तहत जमुआ थाना कांड संख्या 333/25 दर्ज किया गया है। आरोपी को विधि-सम्मत कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई से अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। जिला पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है।

Spread the love