News by Mustaffa
मेसरा : राँची-हजारीबाग मुख्य मार्ग (एनएच-33) पर मंगलवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। बीआईटी मेसरा थाना क्षेत्र के शुभम शिल्पी पेट्रोल पंप के पास हजारीबाग से आ रही एक तेज रफ्तार यात्री बस ने आगे चल रही मारुति वैन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई,हालांकि संयोगवश वैन और बस में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। जानकारी के अनुसार,सुबह करीब 9:45 बजे बाबा ट्रेवल्स की बस (जेएच 02 एएन 4649) तेज गति से राँची की ओर आ रही थी। इसी दौरान बस ने अपने आगे चल रही साईं नेशनल यूनिवर्सिटी की मारुति वैन (जेएच 01 डीएच 7920) को पीछे से टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी सीधी और तेज थी कि वैन का पिछला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग मदद के लिए दौड़े,पर राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। सूचना मिलते ही बीआईटी मेसरा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुँची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच वार्ता हुई। चूंकि जान-माल का कोई गंभीर नुकसान नहीं हुआ था,इसलिए दोनों वाहन मालिकों ने कानूनी कार्यवाही के बजाय आपसी समझौते का रास्ता चुना। पुलिस ने आवश्यक कागजी खानापूर्ति करने के बाद दोनों वाहनों को छोड़ दिया। प्रशासनिक अधिकारी पिन्टू हांसदा ने कहा कि एनएच-33 पर आए दिन होने वाली ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए चालकों को सुरक्षित दूरी के नियमों का पालन करना चाहिए। विशेषकर भारी वाहनों को गति सीमा के भीतर रहना अनिवार्य है।
