एशियाई ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप के लिए झारखंड के तीन साइकिलिस्ट चयनित

Sports

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड के लिए गर्व की बात है कि राज्य के तीन होनहार साइकिलिस्टों का चयन भारतीय टीम में एशियाई ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप के लिए किया गया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 26 से 31 मार्च 2026 तक फिलीपींस में आयोजित होगी, जिसमें एशिया के कई देशों के शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। झारखंड साइकिलिंग संघ के महासचिव शैलेंद्र कुमार पाठक ने शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि चयनित खिलाड़ियों में सरिता कुमारी, निकिता सोरेन और विकास उरांव शामिल हैं। ये तीनों खिलाड़ी झारखंड के उभरते हुए साइकिलिस्ट हैं और पूर्व में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर चुके हैं।

शैलेंद्र कुमार पाठक ने कहा कि खिलाड़ियों ने अपने निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के बल पर भारतीय टीम में स्थान बनाया है। इन खिलाड़ियों का चयन झारखंड साइकिलिंग के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, जो राज्य के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। संघ के पदाधिकारियों का मानना है कि यदि इन खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, तो वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। इस उपलब्धि पर राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय हसदा, झारखंड साइकिलिंग संघ के अध्यक्ष डॉ. मधुकांत पाठक, महासचिव शैलेंद्र पाठक सहित अन्य पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और प्रतियोगिता में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।

Spread the love