एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप: भाला फेंक में सचिन यादव ने जीता रजत, अरशद नदीम को स्वर्ण

Sports

Eksandeshlive Desk

गुमी : भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट सचिन यादव ने शनिवार को एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम कर लिया। उन्होंने इस टूर्नामेंट में नीरज चोपड़ा और दविंदर सिंह कांग जैसे दिग्गजों की सूची में अपना नाम दर्ज करवा लिया है। सचिन यादव लंबे समय तक मेडल की दौड़ से बाहर थे, लेकिन अंतिम दो प्रयासों में उन्होंने बाज़ी पलट दी। उन्होंने 83.03 मीटर और 85.16 मीटर के दमदार थ्रो कर सीधे दूसरे स्थान पर छलांग लगा दी और रजत पदक अपने नाम किया। पाकिस्तान के अरशद नदीम ने प्रतियोगिता में दबदबा बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने अपने तीसरे प्रयास से लय पकड़ी और 86.40 मीटर का जबरदस्त थ्रो करते हुए पहले स्थान पर कब्जा जमाया। उन्होंने आखिरी थ्रो में भी अपने प्रदर्शन को बेहतर किया।

किसान परिवार से निकला सितार : भारत के एक और भाला फेंक एथलीट यशवीर सिंह ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 82.57 मीटर की थ्रो के साथ अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ हासिल किया और पांचवें स्थान पर रहे। हालांकि, विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में क्वालिफाई करने के लिए 85.50 मीटर की थ्रो अनिवार्य है, जो सचिन और यशवीर दोनों से थोड़ी दूर रह गई। उत्तर प्रदेश के बागपत के पास खेकड़ा गांव के एक किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले सचिन यादव की यह थ्रो उनके करियर की दूसरी सर्वश्रेष्ठ रही। इससे पहले उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड 84.39 मीटर का था। भारत के स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने इस प्रतियोगिता से किनारा कर डायमंड लीग पर फोकस करने का निर्णय लिया। उन्होंने हाल ही में दोहा डायमंड लीग में 90 मीटर की दूरी पार कर इतिहास रचा था।

पारुल चौधरी को 5000 मीटर में रजत, विथ्या-पूजा ने जीता कांस्य : एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन जारी है। शनिवार को भारत की तीन महिला एथलीटों ने पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। महिलाओं की 5000 मीटर रेस में भारत की पारुल चौधरी ने 15:15.33 सेकंड का समय निकालते हुए रजत पदक अपने नाम किया। यह रेस कजाकिस्तान की नोरा जेरुटो तनुई ने 14:58.71 सेकंड के समय के साथ जीती, जबकि जापान की युमा यामामोटो को 15:16.86 सेकंड के साथ कांस्य पदक मिला। तमिलनाडु की 26 वर्षीय विथ्या रामराज ने महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में 56.46 सेकंड का समय निकालते हुए कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा में चीन की मो जियाडी ने स्वर्ण और बहरीन की ओलुवाकेमी मुजिदात अडेकोया ने रजत पदक हासिल किया। दिन के अंत में महिलाओं की 800 मीटर रेस में भारत की पूजा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2:01.89 सेकंड का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय निकाला और कांस्य पदक अपने नाम किया।भारत का एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में अब तक का प्रदर्शन संतोषजनक रहा है, और देश को आगे और पदकों की उम्मीद है।

अनिमेष कुजूर ने 200 मीटर दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़कर जीता कांस्य : भारत के युवा धावक अनिमेष कुजूर ने शनिवार को एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में पुरुषों की 200 मीटर दौड़ 20.32 सेकंड में पूरी करका राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ते हुए कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) अपने नाम किया। इस शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल की, बल्कि भारत के लिए एथलेटिक्स के इतिहास में भी एक नई उपलब्धि जोड़ दी। इस साल की शुरुआत में फेडरेशन कप के दौरान अनिमेष ने 20.40 सेकंड का समय लेकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। अब उन्होंने उस रिकॉर्ड को और बेहतर करते हुए नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है। अनिमेष कुजूर भारत के लिए एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप के इतिहास में पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में पदक जीतने वाले केवल दूसरे धावक बने हैं। इससे पहले धर्मबीर सिंह ने 2015 में इस इवेंट में भारत के लिए मेडल जीता था। इस मेडल के साथ भारत ने इस चैंपियनशिप में अब तक कुल 19 पदक जीत लिए हैं, जिसमें 8 गोल्ड, 7 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। मेडल तालिका में भारत दूसरे स्थान पर है, जबकि चीन पहले स्थान पर काबिज है। अनिमेष कुजूर का यह प्रदर्शन भारतीय एथलेटिक्स के भविष्य के लिए एक बड़ा संकेत है, और उनकी इस सफलता ने देशवासियों को गर्व से भर दिया है।

Spread the love