एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के चार गिरफ्तार

360° Crime Ek Sandesh Live

Bhaskar Upadhyay

हजारीबाग : पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर ऑनलाइन ठगी और ब्लैकमेलिंग (सेक्सटॉर्शन) करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नुतननगर से चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य फर्जी वेबसाइटों और मोबाइल नंबरों के माध्यम से एस्कॉर्ट सर्विस का विज्ञापन डालते थे। इसके बाद लोगों को झांसे में लेकर यूपीआई और अन्य डिजिटल माध्यमों से पैसे की ठगी करते थे। सूचना के सत्यापन के बाद सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद के नेतृत्व में छापामारी टीम का गठन किया गया। छापामारी के दौरान नुतननगर के पास संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त चार युवकों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक कुमार उम्र लगभग 22 वर्ष, पिता बिनोद महतो, बादल मंडल उम्र लगभग 20 वर्ष, दीपक मंडल उम्र 24 वर्ष दोनों पिता बिनोद मंडल तथा शेखर कुमार उम्र 21 वर्ष, पिता प्रकाश मंडल के रूप में हुई है। सभी आरोपी मासीपीढ़ी, थाना बरकट्ठा के निवासी हैं, जो वर्तमान में नुतननगर, थाना मुफस्सिल में रह रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 12 मोबाइल फोन, 16 सिम कार्ड, विभिन्न बैंकों के 12 डेबिट कार्ड और 5 पैन कार्ड सहित साइबर ठगी में प्रयुक्त डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं। इस संबंध में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 207/25 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं एवं आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। छापामारी दल में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद, पुलिस निरीक्षक शाहिद रजा, थाना प्रभारी रोशन बर्णवाल सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी, तकनीकी शाखा के कर्मी और सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराध के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Spread the love