Eksandeshlive Desk
पलामू : फायर ब्रिगेडकर्मी अनिल तिवारी के बच्चे को पिस्टल सटाकर उसकी पत्नी पूनम तिवारी के पहने हुए जेवरात लूट लिए गए। घटना मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के रेड़मा के छेचानी टोला में हुई। लुटेरों की संख्या तीन बतायी गयी है और सभी के पास हथियार थे। बाइक से घटना को अंजाम दिया गया। घटना के समय महिला अपने एक बच्चे के साथ घर पर अकेली थी। दो बच्चे स्कूल गए थे। इस संबंध में बुधवार को मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में चैनपुर थाना क्षेत्र से कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाना लायी है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर ढाई बजे पूनम तिवारी अपने एक बच्चे के साथ घर पर थी। इसी क्रम में तीन युवक अचानक उसके घर का दरवाजा खोलकर घुस गए और कहा कि एक युवक चोरी करके इसी घर में घुस आया है। बातचीत के क्रम में अपराधियों ने महिला के बच्चे को कब्जे में कर लिया और उसे बोरे में बांध दिया। पिस्टल सटाकर जान से मारने की धमकी दी एवं पहने हुए सारे गहने उतरवा लिए। लुटेरों ने महिला के गले से 16 ग्राम की सोने की चेन, 4 ग्राम की कानबाली, 4 ग्राम का मंगलसूत्र और बच्चे के गले में पहना हुआ सोने का लॉकेट लूट लिया। अचानक हुई इस घटना से महिला कुछ देर तक सकते में पड़ गयी। भय के कारण घर से बाहर नहीं निकल पायी। बाद में इसकी जानकारी पति एवं पुलिस को दी। इसके बाद अज्ञात अपराधियों के खिलाफ बुधवार को मामला दर्ज कराया गया है। शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ज्योति लाल रजवार ने बताया कि महिला के साथ लूटपाट हुई है। घटना में शामिल अपराधियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। महिला घर में अपने बच्चे के साथ रहती थी, इसकी जानकारी अपराधियों को पहले से थी।
