Eksandeshlive Desk
रांची : राउंडटेबल इंडिया एरिया–16 (झारखंड–ओडिशा) की ओर से आयोजित ‘फ्लाइट ऑफ़ फैंटेसी’ कार्यक्रम के तहत ग्रामीण और जरूरतमंद बच्चों के सपनों को नई उड़ान मिलने जा रही है। इस पहल के अंतर्गत झारखंड और ओडिशा के कुल 70 बच्चों को पहली बार हवाई यात्रा का अनुभव कराया जाएगा। रांची में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राउंडटेबल इंडिया के अध्यक्ष आकाश खोसला, विक्रांत छाबड़ा, अर्पित जैन एवं मीडिया प्रभारी पौरुष जैन ने संयुक्त रूप से इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह यात्रा सोमवार, 2 फरवरी 2026 को प्रारंभ होगी, जब सभी बच्चे रांची हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। दिल्ली पहुंचने के बाद बच्चों को राष्ट्रपति भवन और संसद भवन का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाएगा। इससे उन्हें देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और प्रशासनिक प्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर मिलेगा।
मीडिया प्रभारी पौरुष जैन ने बताया कि इस कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के पुत्र ऐश्वर सेठ का विशेष सहयोग रहा है। दिल्ली प्रवास के दौरान रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बच्चों को अपने आवास पर दोपहर भोज के लिए आमंत्रित किया है। यात्रा के दौरान बच्चों के आवास और भोजन की व्यवस्था एक स्टार होटल में की गई है, ताकि वे सुरक्षित और आरामदायक वातावरण में इस अनुभव का आनंद ले सकें। इस यात्रा में रांची के हटिया स्थित हजाम बस्ती के पारसनाथ पब्लिक स्कूल के बच्चों को शामिल किया गया है। कार्यक्रम की पूरी जिम्मेदारी रांची समारिटन राउंडटेबल 244, रांची यूटोपियन राउंडटेबल 284 एवं रांची एंकरेज राउंडटेबल 160 द्वारा संयुक्त रूप से निभाई जा रही है। राउंडटेबल इंडिया का मूल उद्देश्य ‘फ्रीडम थ्रू एजुकेशन’ है, जिसके तहत संस्था शिक्षा के माध्यम से देशभर में सामाजिक बदलाव की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। बच्चों को हवाई अड्डा से रवाना करने के अवसर पर पूर्व सांसद महेश पोद्दार, आयकर आयुक्त निशा उरांव सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।
