गृह मंत्री अमित शाह के बयान को तोड़-मरोड़ कर किया गया वायरल : पलामू सांसद

Politics

Eksandeshlive Desk

पलामू : राज्य सभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जरिये डॉ.. भीमराव आंबेडकर पर दिए गए बयान पर सफाई देते हुए पलामू के सांसद वीडी राम ने सोमवार को कहा कि बयान के वीडियो क्लीप को तोड़मरोड़ कर मात्र 12 सेकेंड का दिखाया गया, ताकि उनकी छवि को धूमिल करके राजनीति की जाए। कांग्रेस की यह राजनीति जनता समझती है। सांसद डालटनगंज में अपने आवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे।

सांसद ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री के पूरे वीडियो बयान को देखा जाए तो वे कहीं से भी बाबा साहब का अपमान करते नजर नहीं आते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास उठाकर देखा जाए तो स्पष्ट होगा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का सबसे ज्यादा तिरस्कार किसने किया है। भाजपा ने हमेशा से बाबा साहब को सम्मान दिया। भाजपा समर्थित सरकार बनने पर भारत रत्न की उपाधि दी। उनके पांच प्रमुख स्थलों को विकसित किया।

सांसद ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में डॉ. भीमराव आंबेडकर का सबसे ज्यादा अपमान हुआ। पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के समय उन्हें परेशान होकर कानून मंत्री पद से इस्तीफा तक देना पड़ा। बावजूद इसके कांग्रेस भाजपा पर बाबा साहब का अपमान करने का आरोप लगाकर अपनी राजनीति रोटी सेंक रही है, लेकिन यह ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि संसद में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भाजपा सांसदों के साथ धक्का मुक्की करते हैं और महिला आदिवासी सांसद के साथ असभ्य व्यवहार करते हैं। उसकी जितनी भी निन्दा की जाए कम है। कांग्रेस चाहती है कि देश में 2014 से पहले वाली स्थिति बन जाये और लूट खसोट की नीति प्रभावी हो जाए। राहुल गांधी सहित कांग्रेस सांसदों का व्यवहार अहंकारी और गुंडागर्दी की तरह है।

संसद में मकर द्वार पर प्रदर्शन कर रहे भाजपा सांसद को राहुल गांधी ने टक्कर मारी। आज भाजपा के बुजुर्ग और गरीब परिवार से आने वाले सांसद प्रताप सारंगी को आइसीयू में भर्ती करना पड़ा। सांसद मुकेश राजपूत बेहोश हो गए और उनकी एमआरआई करायी गयी। इसी तरह नागालैंड की महिला सांसद के साथ अक्षम्य असभ्य व्यवहार किया गया। मौके पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, जिलाध्यक्ष अमित तिवारी, सांसद प्रतिनिधि विजय ओझा, शिवकुमार मिश्रा सहित अन्य नेता मौजूद थे।