Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को यहां भाजपा की अगुवाई वाली केंद्र सरकार की तीखी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विफलताओं को छिपाने के लिए कांग्रेस को निशाना बना रही है। यह आरोप प्रवर्तन निदेशालय द्वारा राहुल गांधी, सोनिया गांधी और अन्य के खिलाफ नेशनल हेराल्ड धन शोधन मामले में अभियोजन शिकायत के बाद लगाया गया है। खरगे ने एक एक्स पोस्ट में दावा किया कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार का आर्थिक कुप्रबंधन नियंत्रण से बाहर हो रहा है। इस सरकार के पास कोई दृष्टि या समाधान नहीं है, वह महज अपनी गलतियों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। भाजपा सरकार की विफलताओं को उजागर करने के लिए पांच महत्वपूर्ण तथ्य काफी हैं।
केवल खोखले शब्द और अनुत्पादक दौरे : खरगे ने कहा कि व्यापार घाटा तीन साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। टैरिफ और व्यापार युद्ध पर कोई स्पष्ट योजना नहीं है और समाधान की बजाय केवल खोखले शब्द और अनुत्पादक दौरे हुए हैं। उन्होंने आरबीआई के मार्च 2025 के एक सर्वेक्षण का हवाला देते हुए कहा कि 90% उपभोक्ताओं ने बताया कि कमोडिटी की कीमतें बढ़ गई हैं। परिणामस्वरूप, 80% से अधिक ने कहा कि उनके खर्च में वृद्धि हुई है, भले ही आय में वृद्धि नहीं हुई। एफएमसीजी फर्मों की राजस्व वृद्धि वित्त वर्ष 25 में धीमी होकर केवल 5% रह गई, जबकि मार्जिन में कोई सुधार नहीं हुआ है। कांग्रेस अध्यक्ष ने दिसंबर 2024 तक ईंधन पर करों और शुल्कों के रूप में 39 लाख करोड़ रुपये एकत्र करने के लिए केंद्र सरकार की आलोचना की।
आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों पर बोझ बढ़ा : खरगे कहा कि एलपीजी की कीमतों में 50 रुपये की बढ़ोतरी करने से आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों पर बोझ बढ़ गया। आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) के हवाले से उन्होंने बढ़ती बेरोजगारी के बारे में कहा कि स्नातकों की बेरोजगारी दर 13% और युवा बेरोजगारी दर 10.2% है। देश के 23 में से 22 आईआईटी और 25 में से 23 आईआईआईटी में प्लेसमेंट में गिरावट देखी गई और एनआईटी में प्लेसमेंट में 11% की गिरावट देखी गई। एफडीआई में गिरावट से भारत को होने वाले नुकसान की चर्चा करते हुए खरगे ने कहा कि अप्रैल से जनवरी 2024-25 तक भारत में शुद्ध एफडीआई 1.4 बिलियन अमेरिकी डॉलर से कम था जबकि अप्रैल से जनवरी 2012-13 तक यह 19 बिलियन अमेरिकी डॉलर था। उन्होंने दावा किया कि इसके लिए लोग भाजपा को माफ नहीं करेंगे। हम डरेंगे नहीं और सरकार की विफलताओं के खिलाफ अपनी आवाज उठाते रहेंगे।
कांग्रेस के प्रदर्शन पर भाजपा हमलावर : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई को लेकर देशभर में कांग्रेस के प्रदर्शन पर भाजपा लगातार हमलावर है। पार्टी ने बुधवार को कहा कि देश के इतिहास का बहुत विचित्र प्रकार का मामला है नेशनल हेराल्ड केस, जिसमें कोई कंपनी जो 90 करोड़ की देनदारी में बिक गई जिसके पास हजारों करोड़ की प्रॉपर्टी थी। जिसमें खरीदने वाले और बेचने वाले दोनों एक ही हैं। भाजपा प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि विचित्र बात है कि यह दावा किया जाता है की नेशनल हेराल्ड को स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान और पंडित नेहरू द्वारा शुरू किया गया। कांग्रेस राज खत्म हो गया तो सवाल उठता है कि कांग्रेस अपने 50 साल के शासनकाल में अपनी विरासत को नहीं बचा पाई। क्या उसका कोई खरीदार नहीं था, क्या कांग्रेस कार्यकर्ता भी अपना अखबार खरीदने को तैयार नहीं थे जबकि राजीव गांधी फाउंडेशन को इस दौर-ए-हुकूमत में बहुत पैसा मिल रहा था। यह अपने आप में कांग्रेस की नीयत पर सवाल खड़ा करता है।