MUSTFA
मेसरा: राजधानी रांची के बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत नेवरी विकास चौक पर शुक्रवार को जो दृश्य दिखा,उसने न केवल भक्ति और शक्ति का परिचय दिया,बल्कि पूरे जिले के लिए सामाजिक समरसता की एक अनूठी मिसाल पेश की। रांची-हजारीबाग नेशनल हाईवे पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर भव्य रामनवमी मेले और अस्त्र-शस्त्र चालन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जहां मजहब की दीवारें ढह गईं और भाईचारे की बयार बही। नेशनल हाईवे मार्ग पर सजे इस मेले में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। इधर बीआईटी चौक स्थित दुर्गा मंदिर के पास श्री श्री महावीर मंडल केदल,फुरहुरा टोला और होम्बई के अखाड़ेधारियों ने अपनी परंपरा को जीवित रखते हुए लाठी,भाला और तलवारबाजी का हैरतअंगेज प्रदर्शन किया। अखाड़े का उद्घाटन मनरखन महतो ग्रुप ऑफ़ इस्ट्यूशंस के अध्यक्ष मनरखन महतो ने लाठी खेलकर किया। मुख्य अतिथि मनरखन महतो, जिप सदस्य संजय कुमार महतो व अंजूमन कमिटी मेसरा के सदर अब्दुल रज्जाक अंसारी ने गर्व से कहा,यह हमारे पुरखों की विरासत है। यहाँ नफरत की कोई जगह नहीं है। वहीं मेसरा ओपी प्रभारी अजय कुमार दास ने एक बड़ी मार्मिक बात कही कि, जहाँ तलवारें सिर्फ हुनर दिखाने के लिए उठती हों और हाथ सिर्फ गले मिलने के लिए बढ़ते हों, वही असली हिंदुस्तान है। जिसे यहां के लोगों ने साबित कर दिया। तत्पश्चात युवाओं के कौशल और अनुशासन ने उपस्थित जनसमूह का दिल जीत लिया। पूरा क्षेत्र ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष और पराक्रम की गूँज से सराबोर रहा। इस आयोजन की सबसे खूबसूरत तस्वीर तब दिखी,जब स्थानीय मुस्लिम समुदाय ने जुलूस में शामिल रामभक्तों का स्वागत करने के लिए पलकें बिछा दीं। अंजुमन कमेटी के सेक्रेट्री असलम अंसारी, मंसूर आलम,वाहिद अंसारी, हबीब, मुस्ताक, अझर, महफूज आदि ने राहगीरों और भक्तों के लिए ठंडा शरबत और चना वितरित किया। साथ ही राम भक्तों एवं पुलिस प्रशासन को अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया। बदले में रामभक्तों ने भी दरियादिली दिखाते हुए अंजुमन कमेटी के सदस्यों को माला पहनाकर और सिर पर पगड़ी बांधकर सम्मानित किया। प्रशासन की सक्रियता और प्रबुद्ध नागरिकों के सहयोग से नेवरी विकास चौक का यह नजारा आज पूरे देश के लिए साझी तहजीब का एक आईना बन गया है। शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई इस शोभायात्रा में मुखिया साधो उरांव, ग्राम प्रधान नीलमोहन मुंडा, मेसरा अस्पताल निदेशक जावेद अख्तर, मनोज कुमार महतो, लक्षमण महतो, सागर कुमार महतो, महमुद अंसारी, उप मुखिया मझर अंसारी के अलावा सभी मुखिया, पंचायत समिति सदस्य सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
