गिरिडीह जिले के गांडेय थाना क्षेत्र में करंट की चपेट में आने से एक की माैत

Crime

Eksandeshlive Desk

गिरिडीह : जिले के गांडेय थाना क्षेत्र की चंपापुर के मंडरडीह गांव स्थित मैदान में मंगलवार को बिजली पोल के नीचे एक युवक का शव ग्रामीणों ने पड़ा देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना गांडेय थाना की पुलिस को दी। मृत युवक की पहचान बेंगाबाद थाना क्षेत्र के परसाटांड़ गांव निवासी अनिल मरांडी (23) के रूप में हुई। घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि अनिल ने बिजली के खंभे पर चढ़कर 11 हजार के तार को हाथ में पकड़ लिया, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर घटनास्थल पहुंची गांडेय थाना की पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।

मिली जानकारी के अनुसार अनिल मरांडी अपनी पत्नी अनिता मरांडी के साथ दो दिन पूर्व अपने मामा ससुर मनु मरांडी के घर ईरचिट्टा गया था, जहां से अनिल अचानक गायब हो गया। उसके मामा ससुराल के लोगों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पाया। बाद में अनिल के मामा ससुराल के लोगों ने उसके घर बेंगाबाद थाना क्षेत्र के परसाटांड़ गांव में सूचना दी। सूचना मिलने पर अनिल मरांडी के दो भाई ईरचिट्टा पहुंचे और लापता अनिल की खोजबीन शुरू की। इस दौरान परिजन चंपापुर, मंडरडीह, ईरचिट्टा सहित आसपास के गांवों में उसकी काफी तलाश की, लेकिन वह कहीं नहीं मिला। तब परिजनों ने सोशल मीडिया में अनिल के लापता होने की सूचना शेयर कर आम लोगों से उसकी खोजबीन की गुहार लगाई थी।

Spread the love