गिरते, हारते का सहारा हैं श्रीराम: आचार्य कुलदीप

Ek Sandesh Live Religious

डीएवी नंदराज स्कूल में संगीतमय राम कथा का समापन

NISHANT TIWARI

रांची: रविवार को डीएवी नंदराज पब्लिक स्कूल में सीनियर सिटीजन होम की ओर से चल रहे संगीतमय राम कथा का समापन हवन यज्ञ के साथ हुआ। आचार्य कथावाचक कुलदीप जी ने कहा कि जो समस्याओं में मुस्कुराता हो, समाधान खोजता हो वह राम भक्त हैं। जो माता – पिता की आज्ञा पर समर्पित है वह राम है । दुष्टता को जो दंडित करे वह राम है। राम सत्य है, शिव है, सुंदर है। भाई, पति, दुश्मन, छात्र जो बनो राम बनो। फिर जीवन का बेरा पार है। हां पत्नी बनो तो मां सीता की तरह, उर्मिला की तरह। परिवार स्वर्ग बन जाएगा। पांच काम रोज करो- ईश्वर के प्रति रोज सुबह शाम समर्पित हो जाओ, हवन करो, माता -पिता -गुरु की सेवा करो, अतिथि सत्कार और सोने से पहले स्वाध्याय। सचमुच इस तरह तर जाओगे। संभल जाओगे। उद्धार हो जाएगा।
सर्वप्रथम सुनील गुप्ता ने तिलक लगाकर आचार्य कुलदीप जी का स्वागत किया। फिर डीएवी नंदराज पब्लिक स्कूल के आया, क्लर्क, परिवहन विभाग, शिक्षक और शिक्षिकाओं के प्रतिनिधियों के द्वारा दीप प्रज्ज्वलित किया गया। सभा में एसएल गुप्ता, सुशीला गुप्ता, प्रेम प्रकाश आर्य सपत्नीक, राजेन्द्र आर्य सपत्नीक, अजय आर्य सपत्नीक, संजय पोद्दार सपत्नीक, सुनील गुप्ता सपत्नीक, राम कुमार कटारिया सपत्नीक, बुंडू प्राचार्य दीपक आदि शहर के अनेक सम्मानित लोग एवं आस -पास के अनेकानेक भक्तगणों की संख्या उपस्थित थीं। आचार्य को आज विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मंच का संचालन अशोक पाठक ने किया। इस अवसर पर आर्यसमाज रांची की ओर से आर्ष पुस्तक का स्टाल भी लगाया गया है। अंत में धन्यवाद ज्ञापन में विद्यालय परिवार, आश्रमवासियों तथा गणमान्य लोगों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित किया गया और शांति पाठ के साथ आज का कार्यक्रम समाप्त हो गया।

Spread the love