गोदाम से 94.03 लाख के राशन गबन का आरोपी सहायक गोदाम प्रबंधक गिरफ्तार

Crime

Eksandeshlive Desk

पलामू : प्रमंडल के गढ़वा में राज्य खाद्य निगम के गोदाम से 2765.84 क्विंटल राशन गबन के आरोपी सहायक गोदाम प्रबंधक सह जनसेवक दीपक कुमार चंचल को गिरफ्तार कर लिया गया है। जनसेवक दीपक को गढ़वा के जोबरइया स्थित उनके नये आवास से गिरफ्तार कर गुरुवार को गढ़वा न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मेराल के थाना प्रभारी विष्णुकांत के अनुसार चार मार्च को मेराल सीओ सह प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी यशवंत नायक की ओर से प्रखंड परिसर स्थित राज्य खाद्य निगम के गोदाम से 2765.84 क्विंटल राशन गबन को लेकर एजीएम सह जनसेवक दीपक कुमार चंचल पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

उपायुक्त के निर्देश पर ही मामला दर्ज किया गया था : यह मामला न्यायालय में लंबित है, जिसमें सीओ यशवंत नायक ने सरकारी गोदाम से 2765.84 क्विंटल चावल गबन के मामले में 34 रुपए प्रति किलो के हिसाब से कुल 94.03 लाख रुपये की वसूली का भी मामला दायर किया है। मेराल के सरकारी गोदाम का प्रभार अदला-बदली के दौरान करीब 3450 क्विंटल अनाज कम होने की सूचना पर तत्कालीन जिला आपूर्ति पदाधिकारी राम गोपाल पांडेय ने 21 फरवरी को गोदाम की जांच की थी, जिसमें 2765.84 क्विंटल अनाज गायब होने की सूचना तत्कालीन उपायुक्त शेखर जमुआर को दी गई। उपायुक्त के निर्देश पर ही मामला दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद से सहायक गोदाम प्रबंधक सह जनसेवक दीपक कुमार चंचल फरार चल रहे थे। इसी बीच गुप्त सूचना पर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

Spread the love