AMIT RANJAN
सिमडेगा: शिवनगर खूंटीटीली में रविवार को ग्रामीण आरोग्य सेवा संस्था के द्वारा एक दिवसीय आयुर्वेद जागरूकता अभियान चलाया गया। संस्था के सदस्य लखेश्वर महतो ने आयुर्वेद के जानकारी देते हुए कहा कि आयुर्वेद प्राचीन चिकित्सा पद्धति है, जो प्राकृतिक जड़ी-बूटियों और संतुलित जीवनशैली के माध्यम से स्वास्थ्य को बढ़ावा देती है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद न केवल बीमारियों का इलाज करता है, बल्कि रोगों से बचाव के लिए भी उपयोगी है। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों को आयुर्वेदिक औषधियों, घरेलू उपचार और योग के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। लखेश्वर महतो ने बताया कि नियमित रूप से हल्दी, तुलसी, आंवला, अश्वगंधा और गिलोय जैसे आयुर्वेदिक पदार्थों का सेवन करने से इम्यूनिटी मजबूत होती है और कई बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। संस्था के अन्य सदस्यों ने भी आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने की अपील की और स्वस्थ रहने के लिए खानपान में सुधार करने की सलाह दी। ग्रामीणों ने इस जागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आयुर्वेद के प्रति अपनी रुचि दिखाई। मौके पर संस्था के सदस्य व ग्रामीण उपस्थित थे।