Eksandeshlive Desk
खूंटी: नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की रोक के बावजदू जब प्रशासन बालू की तस्करी रोकने में नाकाम साबित हो रहा है, वैसे में अब गांव के लोग ही बालू के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ सड़कों पर उतर आये हैं।
कर्रा थाना क्षेत्र में ग्रामीणों ने मंगलवार की रात अवैध बालू लदे दो ट्रकों को पकड़ कर कर्रा थाना की पुलिस को सौंप दिया। अवैध बालू का खनन को रोकने को लेकर संयुक्त पड़हा समिति और ग्राम सभा ने कर्रा थाना क्षेत्र के बुडका टोंगरी (पहाड़) के पास से अवैध बालू परिवहन करते दो हाइवा गाड़ियों को पकड़ा और उसे पुलिस को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार दोनों हाइवा ट्रक तोरपा थाना क्षेत्र के कुल्डा बालू घाट से अवैध रूप से बालू लोड करके निकले थे, जो जरियागढ़ वनक्षेत्र होते हुए कर्रा से रांची की ओर जा रहे थे।
तभी ग्रामीणों ने दोनों वाहनों को पकड़ लिया। जिन गाड़ियों को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस को सुपुर्द किया है उनमें (जेएच 01सीएल 4215) और (जेएच01डीएस 5668) शामिल है। इस कार्रवाई में पढ़हा समिति के कार्यकता शामिल थे।
