गुजरात में ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचला, सात की मौत, राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

सुरेंद्रनगर : गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में एक सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा जिले में लखतर–विरमगाम राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने पैदल जा रहे श्रद्धालुओं को कुचल दिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। लखतर पुलिस के मुताबिक रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे श्रद्धालुओं का एक समूह राजकोट से बहुचराजी माता मंदिर दर्शन के लिए पैदल जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने नियंत्रण खो दिया और श्रद्धालुओं को रौंदता हुआ आगे निकल गया। इस हादसे में 6 श्रद्धालुओं और सड़क किनारे खड़े एक डंपर चालक की मौत हो गई। मृतकों में 5 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। घटना के बाद क्षेत्र के विधायक पी.के. परमार और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर सांत्वना दी। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा-लखतर-विरांगम राजमार्ग पर हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक

मृतकों में राजकोट निवासी मसाभाई करशनभाई मुंधवा (59), जालुबेन मसाभाई मुंधवा (57), राणीबेन मंगाभाई लांबरिया (45), जालुबेन वेलाभाई मुंधवा (45), मोरबी निवासी विजुबेन प्रवीणभाई मुंधवा (45), वजीबेन वीभाभाई मुंधवा (52) और सुरेंद्रनगर के शियाणी गांव निवासी जयदीपभाई हरदीपभाई शामिल हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने हादसे पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि सुरेंद्रनगर में सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “गुजरात के सुरेंद्रनगर में एक दुखद सड़क दुर्घटना में हुई जान-माल की हानि से मैं अत्यंत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।” प्रधानमंत्री मोदी ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में हुई दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने एक्स पर लिखा कि सुरेन्द्रनगर में लखतर-विरांगम राजमार्ग पर हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। मैं ईश्वर से इस दुर्घटना में अपनी जान गंवाने वाले पैदल यात्रियों की आत्मा की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के की प्रार्थना करता हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ हैं।

हापुड़ में बारतियाें की बस व ट्रक में भिड़ंत, बस चालक समेत छह की माैत

हापुड़ : उत्तर प्रदेश में हापुड़ जिले के धौलाना थाना क्षेत्र में स्थित धौलाना-गुलावठी मार्ग पर रविवार देर रात बारतियों की बस और ट्रक की टक्कर में छह बारतियों की मौत हो गई और छह लोग घायल है। घटना के बाद जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया गाजियाबाद के डासना के रहने वाले इकराम कुरैशी के पुत्र की बारात रात करीब डेढ़ बजे गुलावठी से लौट रही थी। धौलाना थाना क्षेत्र में धौलाना-गुलावठी मार्ग पर बस और ट्रक से टक्कर हो गई। घटना के बाद चीख—पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। उन्हाेंने बताया कि इस हादसे में सोनू, यूसुफ, अख्तर, यूनुस, मुन्ना और बस चालक अशोक की मौत हो गई। चालक को मिलाकर कुल 12 लोग सवार थे। घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, एसपी और सीएमओ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में अधिकारियाें ने अस्पताल में पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया। डीएम ने सीएमओ को घायलों का बेहतर इलाज के लिए आवश्यक निर्देश दिए है।

महाराष्ट्र के ठाणे में दो वाहनों की टक्कर में आठ लोगों की मौत, एक घायल

मुंबई : महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कल्याण-अहिल्या नगर हाईवे पर रायते गांव के पास सोमवार सुबह एक सिमेंट मिक्सर वाहन और पिकअप वाहन की टक्कर में आठ लोगों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति घायल है, जिसे मुरबाड़ सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना की जांच टिटवाला पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है। पुलिस के अनुसार पिकअप वाहन मुरबाड़ से कल्याण की ओर जा रहा था। सुबह 11 बजे के करीब रायते गांव के पास बने नए पुल पर पिकअप वाहन सामने से आ रहे सिमेंट मिक्सर वाहन से टकरा गया। दुर्घटना में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल का इलाज मुरबााड़ सरकारी अस्पताल में हो रहा है। टिटवाला पुलिस स्टेशन की टीम मृतकों की पहचान का प्रयास कर रही है।

Spread the love