Eksandeshlive Desk
रांची/दुमका : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक अध्यक्ष शिबू सोरेन के शीघ्र स्वस्थ होने को लेकर सोमवार काे रांची स्थित रिसालदार शाह बाबा की दरगाह पर विशेष चादरपोशी कर प्रार्थना की गई। मौके पर झामुमो नेता रमजान रज़ा ने कहा कि गुरुजी झारखंड की आत्मा हैं। हम सभी ने आज बाबा की मजार पर प्रार्थना कर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन झामुमो, राजद और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की ओर से संयुक्त रूप से किया गया है। सबों ने शिबू सोरेन की कुशलता के लिए प्रार्थना की और भरोसा जताया कि झारखंडवासियों की सामूहिक प्रार्थना से गुरूजी जल्द स्वस्थ होकर लौटेंगे। कार्यक्रम में जुल्फीकार अली भुट्टो, इबरार रिज़वी, इरफ़ान, मोहम्मद नसीर, मोहम्मद चांद, मौलाना फज़लूल कादिर और मोहम्मद कलीम सहित कई लोग मौजूद थे।
गुरुजी के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए मंच ने किया रूद्राभिषेक : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक अध्यक्ष शिबू सोरेन के जल्द स्वास्थ हाेेेने की कामना को लेकर सोमवार को अबुआ अधिकार मंच की ओर से रांची के पहाड़ी बाबा मंदिर में रूद्राभिषेक का आयोजन किया गया। मौके पर अबुआ अधिकार मंच के संयोजक नीरज वर्मा ने कहा कि गुरुजी सिर्फ एक नेता नहीं, बल्कि झारखंड की आत्मा हैं। हम सब उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। पूरा राज्य उनके जल्द स्वस्थ होकर लौटने की प्रतीक्षा कर रहा है। मौके पर श्रद्धालुओं और मंच के सदस्यों ने भोलेनाथ की विशेष पूजा कर दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती गुरुजी के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। मोके पर आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत रूद्राभिषेक संपन्न कराया गया। इसके बाद श्रद्धालुुुुुओं में प्रसाद वितरण किया गया। पूरे आयोजन में भक्तिभाव का माहौल देखने को मिला।मौके पर अबुआ अधिकार मंच के सदस्य सुनील यादव, विश्वास उरांव, संजय लकड़ा, सुरेंद्र पासवान, गौतम सिंह, नीरज वर्मा, वेदांत और नीतीश सिंह सहित अन्य मौजूद थे।
गुरुजी की सलामती के लिए सीता सोरेन ने मंदिर में की पूजा अर्चना : दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्वास्थ्य कामना को लेकर उनकी बड़ी पुत्रवधू सीता सोरेन नेेेे सोमवार को मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की। गुरुजी दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी बड़ी पुत्रवधू सीता सोरेन हूल दिवस के मौके पर दुमका के पोखरा चौक पर स्थापित सिदो कान्हु की प्रतिमा पर माल्यार्पण के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पहुंची थी। शिबू सोरेन के स्वास्थ्य के बावत जब उनसे सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि वह (शिबू सोरेन) गुरुजी से मिलने दिल्ली गई थी। अस्पताल के बाहर गाड़ी पर बैठी रही, लेकिन वह बीमार हालत में गुरुजी को देख नहीं सकती, इसलिए वह वापस लौट गई। उन्होंने कहा की मंदिर पहुंचकर गुरुजी की सलामती के लिए पूजा अर्चना भी की है। उन्होंने कहा कि परिवार में गुरु जी बाबा से पिता से भी बढ़ कर प्यार मिला है। बीमार हालत में उन्हें देख नहीं सकते, बस इतना ही चाहते है कि बाबा जल्द स्वस्थ्य होकर हमारे बीच लौटे।