Eksandeshlive Desk
रांची : भाजपा प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को गुरविंदर सिंह सेठी का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए लाया गया। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डॉ रविंद्र कुमार राय ने भाजपा का ध्वज गुरविंदर सिंह सेठी के पार्थिव शरीर पर अर्पित कर उन्हें नमन किया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में अंतिम दर्शन के बाद पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए हरमू मुक्ति धाम लाया गया जहां सिख परंपरा के अनुसार उनके पुत्र अस्मित सिंह द्वारा मुखाग्नि दी गई।
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डॉ रविंद्र कुमार राय ने कहा कि गुरविंदर सिंह सेठी का असामयिक निधन प्रदेश भाजपा के लिए अपूरणीय क्षति है। वे एक समर्पित और सेवाभावी कार्यकर्ता थे। लोगों के दुख दर्द में सदैव खड़े रहते थे। भाजपा के अलावा कई सामाजिक संस्थाओं से उनका जुड़ाव था। एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई थी। भाजपा ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी उसे उन्होंने बखूबी निभाया, नाराजगी और शिकायत उन्हें दूर-दूर तक नहीं छू पाई। पार्टी में सेठी जैसे कार्यकर्ता बिरले मिलते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा अंतिम संस्कार में शामिल हुए। उनके पुत्र सहित परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना प्रकट की और ढांढस बंधाया। मुंडा ने कहा कि ईश्वर स्वर्गीय गुरविंदर सिंह सेठी की आत्मा को शांति प्रदान करे तथा परिजनों को दुख की बेला में धैर्य और साहस प्रदान करे। श्रद्धांजलि देने वालों में पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यदुनाथ पांडेय, विधायक नवीन जायसवाल, आरती कुजूर, अजय मारू, ऊषा पांडेय, सुबोध सिंह गुड्डू, वरुण साहू, अमरदीप यादव, पवन साहू, शशांक राज, कमाल खान, लक्ष्मी चंद दीक्षित सहित कई नेता और कार्यकर्ता शामिल थे।