News by Mukesh Nath
रांची: सूरज सिंह मेमोरियल महाविद्यालय, रांची के नागपुरी विभाग के लिए यह अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि इस वर्ष आयोजित प्रतिष्ठित NTA–UGC परीक्षा में विभाग के दो मेधावी विद्यार्थियों ज्ञानचंद खेरवार व विवेक कुजूर ने सफलता प्राप्त कर विभाग तथा महाविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।यह उल्लेखनीय उपलब्धि विद्यार्थियों के कठोर परिश्रम, लगन और शैक्षणिक प्रतिबद्धता का परिणाम है। साथ ही यह नागपुरी विभाग की गुणवत्तापूर्ण शिक्षण परंपरा, समर्पित मार्गदर्शन और सुदृढ़ अकादमिक वातावरण का प्रमाण भी है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी. पी. वर्मा ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “ नागपुरी जैसे क्षेत्रीय भाषा-विषय में राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में विद्यार्थियों की सफलता हमारे संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता को दर्शाती है। यह उपलब्धि न केवल विभाग बल्कि संपूर्ण महाविद्यालय के लिए गौरव का क्षण है। मैं दोनों विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक कामना करता हूँ। नागपुरी विभाग के सहायक प्राध्यापक सह विभागाध्यक्ष डॉ . संजय कुमार षाडंगी ने कहा, “ज्ञानचंद खेरवार एवं विवेक कुजूर की सफलता विभाग के लिए प्रेरणादायक है। उनकी निरंतर साधना, अनुशासित अध्ययन और सकारात्मक दृष्टिकोण ने उन्हें यह उपलब्धि दिलाई है। यह परिणाम नागपुरी भाषा एवं साहित्य के बढ़ते अकादमिक महत्व को भी रेखांकित करता है। सहायक प्राध्यापक डॉ. सुभाष साहू ने बधाई देते हुए कहा, “इन विद्यार्थियों की सफलता अन्य छात्रों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगी। स्पष्ट लक्ष्य, सतत प्रयास और समर्पण से ही ऐसी उपलब्धियाँ प्राप्त होती हैं। हमें विश्वास है कि दोनों विद्यार्थी भविष्य में शोध और अध्यापन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देंगे ।महाविद्यालय परिवार ने दोनों सफल विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की मंगलकामना की है। इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिसर में उत्साह और गौरव का वातावरण व्याप्त है।
