हॉस्पिटल के पास मिला नवजात का शव, कुत्तों ने आधा हिस्सा नोच डाला था

Crime

Eksandeshlive Desk

पलामू : जिला मुख्यालय डालटनगंज शहर के आबादगंज मोहल्ले में सोमवार को आर्यन हॉस्पिटल के पास एक नवजात शिशु का शव बरामद हुआ। शव की स्थिति अत्यंत विभत्स थी। कुत्तों ने शव का आधा हिस्सा नोच डाला था। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने इसे गंभीरता से लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम को मौके पर भेजा। उनके निर्देश पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

घटना को लेकर पूर्व वार्ड पार्षद मनोज सिंह ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा, ‘यह मामला बेहद गंभीर है। ऐसा मामला पहले भी देखा गया है। खासकर इस हॉस्पिटल के आसपास पहले भी कई बार संदिग्ध परिस्थितियों में ऐसी घटनाएं सामने आई हैं।’ उन्होंने हास्पिटल के डॉक्टर पर भी गंभीर आरोप लगाए। मनोज सिंह का कहना है कि, ‘इनके अस्पताल के आस-पास पहले भी कई बार इस तरह की घटनाएं घट चुकी हैं। सवाल यह उठता है कि आखिर बार-बार ऐसा क्यों हो रहा है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और इस बात का पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि शव को वहां किसने फेंका। पुलिस ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।