हाटगम्हरिया में दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार की मौत

Road Accident

Eksandeshlive Desk

पश्चिमी सिंहभूम : जिला के हाटगम्हरिया क्षेत्र में रविवार देर रात दो सड़क हादसों में कुल चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो महिलाओं को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर किया गया है। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य चलाया। पहली घटना चाईबासा-हाटगम्हरिया एनएच-75 के इलिगड़ा के पास हुई, जहां एक कार और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस दोनों घटनाओं की जांच शुरू की : घायलों को चाईबासा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। दो महिलाओं की हालत नाजुक होने पर उन्हें जमशेदपुर रेफर किया गया। बताया गया कि जमशेदपुर निवासी अमित दास अपने परिवार के साथ ससुराल सारंडा के किरिबुरु जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। दूसरी घटना हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के कुईड़ा जंगल में घटी। जानकारी के अनुसार, साप्ताहिक बाजार से लौट रहे लोगों की सवारी गाड़ी की ट्रेलर से सीधी टक्कर हो गई। इस हादसे में चालक चन्द्रमोहन हेम्ब्रम (42), रामो हाईबुरू (30) निवासी महालीबुरू और कैरा सिंकु (28) की मौत हो गई। वहीं, गोपाल सिंकु गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि यह दुर्घटना देर रात करीब 12 बजे की है, जब सवारी गाड़ी माइन्स करंजिया के चिनीभाई की ओर लौट रही थी। पुलिस ने सोमवार को बताया कि दोनों घटनाओं की जांच शुरू कर दी गई है।

Spread the love