हाथियों के आतंक से दहशत में ग्रामीण

360° Crime Ek Sandesh Live

Eksandeshlive Desk

विष्णुगढ़/हजारीबाग : करीब एक महीने से हाथियों का झुंड प्रखंड के अलग अलग हिस्सों में तबाही मचा रखा है तथा इनके आतंक से प्रखंड का कोई  इलाका अछूता नहीं है। सीमावर्ती प्रखंड टाटीझरिया तथा बगोदर में भी तबाही बांटते फिर रहे हैं। इनसे विष्णुगढ़ क्षेत्र के चलकारी, हेठलीबोदरा, बकसपुरा, उचाघना, नागी, नरकी,गोविंदपुर, बनासो और चानो खासे  प्रभावित हैं जबकि इन इलाकों में हाथियों ने तबाही मचा रखी है तथा फसलों को रौंदने के साथ साथ घरों को तोड़ दे रहे हैं। भदई व खरीफ फसलों के मौसम में हर साल जंगली हाथी आ धमकते हैं और अब तक कई जिंदगियां भी लील चुके हैं। चार साल पहले झुंड से बिछड़ा एक हाथी प्रखंड मुख्यालय विष्णुगढ़ पहुंच गया था तब उसने एक महिला की पटक पटक कर जान ले ली थी। स्थानीय करोंज मोड़ की वह महिला सुबह चार बजे के करीब शौच के लिए गोमिया- विष्णुगढ़ मार्ग के बगल से गुजरी जमुनिया नहर गयी थी। एकबार फिर से उनका आतंक देखा जा रहा है और इसबार अभी तक जानी नुकसान तो नहीं हुआ है, मगर फसलों और घरों को तबाह कर रहे हैं।

शुक्रवार की रात हाथियों का दल बनासो पहुंच गया जहां बनासो की पूर्व मुखिया लक्ष्मी देवी की चहारदीवारी तोड़ दिया। अमूल्य चंद्र पांडेय, किशुन यादव, अतुल पांडेय और उद्यापन के खेतों में लगी धान की फसल को रौंद डाला। ग्रामीणों द्वारा खबर किए जाने पर वन विभाग की टीम पहुंचकर हाथियों को भगाया।बनासो से खदेड़े जाने पर 24 हाथियों के इस झुंड ने सुबह सुबह चानो गांव में दस्तक दे दी। हाथियों के पहुंचते ही गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने शोर कर हाथियों को गांव से बाहर निकाल दिया तथा सभी जंगल का रुख कर लिए।आशंका है कि रात में हाथी नागी और खरकी पंचायत के गांवों में तांडव कर सकते हैं।

Spread the love