स्वदेशी के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करेगा मैराथन : संजय सेठ
रांची: रांची ने विकसित भारत 2047 के थीम के साथ स्वदेशी के संकल्प को दृढ़ता प्रदान करने से आयोजित होने वाले मैराथन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर घर स्वदेशी, घर घर स्वदेशी अभियान और स्वदेशी अपनाने के अभियान को इस मैराथन के माध्यम से घर घर तक पहुंचाने की योजना है।
12 अक्टूबर 2025 को सुबह 06 बजे मोराबादी मैदान में होने वाले इस मैराथन को राज्यपाल संतोष गंगवार रवाना करेंगे। इस अवसर पर कारगिल के बलिदानी योद्धा विजयंत थापर के माता पिता की भी गरिमामय उपस्थिति रहेगी। मोराबादी मैदान से शुरू होने वाला यह मैराथन एसएसपी आवास, मछली घर, प्रेमसंस मोटर, सिद्धो कान्हो पार्क होते हुए मोराबादी में संपन्न होगा। इस दौरान झारखंड की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। खेल प्रेमी, रांची के नागरिक, स्कूली बच्चे सहित शहर के सभी वर्गों के 25 हजार लोग शामिल होंगे। इसकी जानकारी देते हुए रक्षा राज्य मंत्री ने बताया कि यह मैराथन रांचीवासियों के लिए ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है। स्वदेशी ही हर देशवासी का संकल्प है। हम स्वदेशी का ही उपयोग करें, यह संदेश इस मैराथन के माध्यम से दिया जाएगा। स्वदेशी की भावना मन में लेकर, हाथ में तिरंगा लेकर रांची की जनता सड़कों पर स्वदेशी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाएगी।