हेमंत सोरेन ने चौथी बार झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, कहा-हमारी एकता ही हमारा सबसे बड़ा हथियार

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : हेमंत सोरेन ने गुरुवार को चौथी बार झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस दौरान इं​डिया गठबंधन के कई बड़े नेता मौजूद रहे। शपथ ग्रहण से पहले उन्होंने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक होगा। एक ऐसा दिन जो हमारे सामूहिक संघर्ष, प्रेम-भाईचारे की भावना और न्याय के प्रति हम झारखंडियों के प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा।

झारखंड ने विरोध व संघर्ष को जन्म दिया है

हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर गुरुवार को पोस्ट पर लिखा है कि झारखंड की महान धरा ने हमेशा से विरोध और संघर्ष को जन्म दिया है और झामुमो भगवान बिरसा, भगवान सिदो-कान्हू, अमर शहीद तेलंगा खड़िया, फूलो- झानो, पोटो हो, शेख भिखारी समेत अनगिनत वीरों के संघर्षों से भरी उसी विरासत को समेटे हर दिन आगे बढ़ रहा है।

झारखंड की महान जनता एक साथ खड़ी है

हेमंत सोरेन ने लिखा है कि आज का यह दिन राजनीतिक जीत के बारे में नहीं है, आज का यह दिन हमारी सामाजिक न्याय के प्रति संघर्ष, सामाजिक एकता को प्रखर करने की हर रोज़ लड़ी जानी वाली लड़ाई को दोहराने का दिन है। आज का यह दिन यह भी बताता है कि लोकतंत्र पर बढ़ते दबाव के बीच झारखंड की महान जनता एक साथ खड़ी है। आज हर गांव, हर शहर में एक आवाज़ गूंज रहा है–अधिकार, समानता, एकता मतलब झारखंडियत की आवाज इसमें कोई संदेह न रखें। हमारी एकता ही हमारा सबसे बड़ा हथियार है।

हम झारखंडी हैं, और झारखंडी झुकते नहीं हैं

हेमंत सोरेन ने आगे लिखा है कि हमें न विभाजित किया जा सकता है, न ही शांत किया जा सकता है। जब-जब वे हमें पीछे धकेलते हैं, हम आगे बढ़ते हैं। जब-जब वे हमें शांत करना चाहते हैं, हमारी हूल, उलगुलान, क्रांति की आवाज़ और प्रखर होती जाती है क्याेंकि हम झारखंडी हैं, और झारखंडी झुकते नहीं हैं। आज जब सामाजिक संरचना में गहरी दरारें पैदा हो रही हैं, तब हमें अपने पूर्वजों की उस एकता और हर झारखंडी को साथ ले कर चलने के संकल्प को पुनः दोहराना होगा। अपने अबुआ सरकार के लिए हर एक झारखंडी को बधाई। हमारी लड़ाई अटल है, अविराम है। संघर्ष जारी है और आख़िरी सांस तक रहेगा।

Spread the love