हेमंत सोरेन ने रचा इतिहास, झारखंड के चौथी बार मुख्यमंत्री बनने वाले पहले राजनेता बने

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गुरुवार शाम 4.11 बजे हेमंत सोरेन को मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। हेमंत सोरेन ने राज्य के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। यह उनका मुख्यमंत्री के रूप में चौथा कार्यकाल होगा। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर मोरहाबादी मैदान पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए ​थे। समारोह में राज्यपाल संतोष गंगवार के मंच पर पहुंचने के बाद राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने हेमंत सोरेन को मुख्यमंत्री पद और गोप​नीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में इंडिया गठबंधन की भी एकजुटता दिखी।

पिता शिबू सोरेन एवं मां रूपी सोरेन मौजूद रहीं

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मंच पर हेमंत सोरेन के पिता शिबू सोरेन एवं मां रूपी सोरेन मौजूद रहीं। पिता के ठीक बगल में हेमंत सोरेन तो उनकी मां के बगल में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मौजूद बैठी थी। मंच पर हेमंत सोरेने के बगल में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, विपक्ष के नेता राहुल गांधी बैठे। गांधी के ठीक बगल में हेमंत सोरेन की पत्नी व विधायक कल्पना सोरेन मौजूद रहीं। इसके अलावा अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, अरविंद केजरीवाल समेत इंडी गठबंधन के राष्ट्रीय व प्रदेश स्तरीय तमाम नेता मौजूद रहे। यह मंच इंडिया गठबंधन की एकजुटता का एहसास करा रहा था।

इंडिया गठबंधन को मिली है ऐतिहासि​क जीत

उल्लेखनीय है कि झारखंड विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन को ऐतिहासि​क जीत मिली है। जेएमएम, कांग्रेस, आरजेडी और भाकपा-माले को 81 में से 56 सीटों पर जीत मिली। इसमें जेएमएम को 34, कांग्रेस को 16, आरजेडी को 4 और भाकपा-माले को 2 सीटें मिली हैं। इस चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को 24 सीट मिली हैं। इस बार के विधानसभा के चुनाव में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की यह बड़ी जीत है। जेएमएम का यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

झारखंड के 24 साल में बने 14 मुख्यमंत्री

झारखंड राज्य की स्थापना के 24 साल में 14 मुख्यमंत्रियों की शपथ ले चुके हैं। झारखंड में हेमंत साेरेन के चाैथीबार मुख्यमंत्री पद व गोपनीयता की शपथ लेने के साथ राजनीतिक रिकाॅर्ड बन गया। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही हेमंत सोरेन राज्य के 24 वर्ष के इतिहास में अब तक चार बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले पहले राजनेता बन गए। उनके पिता शिबू सोरेन और भारतीय जनता पार्टी के अर्जुन मुंडा तीन-तीन बार मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठ चुके हैं। गुरुवार काे माेहराबादी मैदान पर आयाेजित शपथग्रहण समाराेह में प्रदेश के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने हेमंत साेरेन काे पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

हेमंत 2013 में पहली बार बने थे मुख्यमंत्री

हेमंत सोरेन पहली बार 13 जुलाई 2013 को मुख्यमंत्री बने थे। वे इस पद पर 28 दिसंबर 2014 तक रहे। दूसरी बार 29 दिसंबर 2019 को मुख्यमंत्री बने। वे इस पद पर दो फरवरी 2024 तक रहे। हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद चंपाई सोरेन मुख्यमंत्री बने, जो दो फरवरी से चार जुलाई 2024 तक मुख्यमंत्री पद पर रहे। चंपाई सोरेन का कार्यकाल 153 दिनों का रहा। इसके बाद जेल से जमानत पर रिहा हाेने के बादहेमंत ने फिर तीसरी बार 4 जुलाई, 2024 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। हेमंत सोरेन ने चाैथी बार 28 नवंबर को राज्य के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

इंडिया गठबंधन की भी एकजुटता दिखी

शपथ ग्रहण में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन, रूपी सोरेन, तारिक अनवर, बीके हरि प्रसाद, सांसद पप्पू यादव, कांग्रेस नेत्री सुप्रिया श्रीनेत, झारखंड कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर, कर्माटक के डिप्टी मुख्यमंत्री डीके शिव कुमार, माकपा माले के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, राजद के प्रदेश प्रभारी जयप्रकाश नारायण सहित कई नेता मौजूद रहे। वहीं चीफ सेक्रेट्री अलका तिवारी और राज्यपाल के प्रधान सचिव नीतिन मदन कुलकर्मी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

कौन कितने समय तक रहा मुख्य़मंत्री

  1. बाबूलाल मरांडी- 15 नवंबर 2000 से 18 मार्च 2003
  2. अर्जुन मुंडा- 18 मार्च 2003 से दो मार्च 2005
  3. शिबू सोरेन- दो मार्च 2005 से 12 मार्च 2005
  4. अर्जुन मुंडा-12 मार्च 2005 से 18 सितंबर 2006
  5. मधु कोड़ा- 18 सितंबर 2006 से 28 अगस्त 2008
  6. शिबू सोरेन- 28 अगस्त 2008 से 18 जनवरी 2009
  7. शिबू सोरेन- 30 दिसंबर 2009 से 31 मई 2010
  8. अर्जुन मुंडा- 11 सितंबर 2010 से 18 जनवरी 2013
  9. हेमंत सोरेन- 13 जुलाई 2013 से 23 दिसंबर 2014
  10. ऱघुवर दास- 29 दिसंबर 2014 से 28 दिसूंर 2019
  11. हेमंत सोरेन- 29 दिसंबर 2019 से 31 जनवरी 2024
  12. चंपाई सोरेन- 2 फरवरी 2024 से तीन जुलाई 2024
  13. हेमंत सोरेन- 04 जुलाई 2024 से 27 नवंबर, 2024 तक
  14. हेमंत सोरेन- 28 नवंबर, 2024

नेताओं का पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत

शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने रांची पहुंचे इंडी गठबंधन के नेताओं का पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया। वहीं इन नेताओं की अगुआई मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी सह गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने की। राहुल गांधी से लेकर इंडी गठबंधन के सभी बड़े नेताओं का स्वागत किया। उन्हें मंच तक लेकर गयीं। इनमें नेता प्रतिपक्ष, लोक सभा राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, तमिलनाडु के उप मुख्यमंत्री उदय स्टालिन, कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, तेलंगाना के उप मुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद शिबू सोरेन, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष, बिहार विधान सभा तेजस्वी यादव, लोक सभा सांसद पप्पू यादव, राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा सहित अन्य शामिल थे।

Spread the love