हिमाचल के मुख्यमंत्री सुक्खू ने सपरिवार संगम में लगाई डुबकी

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

महाकुंभ नगर : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को प्रयागराज महाकुंभ-2025 में त्रिवेणी संगम में सपरिवार आस्था की डुबकी लगाई। उन्होंने प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि व प्रदेशवासियों के लिए सुख, शांति एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। उनके साथ राजनीतिक सलाहकार सुनील बिट्टू और प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि महाकुंभ हमारी संस्कृति और आस्था का प्रतीक है। इसे केवल धार्मिक आयोजन कहना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि यह भारतीय परंपराओं और संस्कारों की गौरवशाली विरासत का जीवंत प्रमाण है। उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तान की संस्कृति और हिन्दुत्व विश्वविख्यात है। यह कोई नई बात नहीं है, बल्कि इतिहास के पन्ने पलटकर देखें तो हमारी सभ्यता और परंपराएं सदियों से पूरे विश्व में प्रसिद्ध रही हैं। यह सौभाग्य की बात है कि हमें अपने परिवार सहित इस महायोग का हिस्सा बनने का अवसर मिला। महाकुंभ में देशभर से आए श्रद्धालुओं के साथ शामिल होकर मुख्यमंत्री ने आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया।

संगम में डुबकी लगाने के बाद हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर लिखा त्रिवेणी सदियों से केवल एक जलधारा नहीं है। यह हमारी आस्था, परंपरा और समरसता का जीवंत प्रतीक है। यहां लहरें पूर्वजों की श्रद्धा, संकल्पों और सनातन मूल्यों की साक्षी हैं। अस तीरथपति देखि सुहावा।सुख सागर रघुवर सुख पावा। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि आज परिवार के साथ महाकुंभ त्रिवेणी संगम में स्नान कर समस्त प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। पीढ़ियां बदलीं, समय आगे बढ़ा, पर इस पावन संगम ने हर युग में मानवता को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया है। प्रयाग की महत्ता अडिग है, अनंत है।