Eksandeshlive Desk
रांची : मंत्री सह हज कमेटी के अध्यक्ष इरफान अंसारी ने कहा कि पहला जत्था 18 अप्रैल को कोलकाता से प्रस्थान करेगा। 18 से 23 अप्रैल तक वे स्वयं कोलकाता एयरपोर्ट पर मौजूद रहकर हाजियों को विदा करेंगे। मंत्री रविवार को रांची के कडरू स्थित हज हाउस में रविवार को हज यात्रियों के लिए आयोजित एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर कार्यक्रम में बोल रहे थे।
मंत्री ने कहा कि इस वर्ष लगभग 1530 हाजियों को हज यात्रा पर भेजा जाएगा, जिनमें 250 मुंबई, 246 दिल्ली और 1036 कोलकाता से रवाना होंगे। उन्होंने हाल के दिनों में खाड़ी देशों की परिस्थितियों को लेकर फैल रही अफवाहों पर विराम लगाते हुए कहा कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने बताया कि वे भारत सरकार और संबंधित एजेंसियों के संपर्क में हैं। अबतक कोई ऐसी आधिकारिक गाइडलाइन जारी नहीं हुई है, जिससे हज यात्रा प्रभावित हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हाजियों के लिए सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद हैं। किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। मौके पर आफ़ताब अहमद, हाजी शम्स तबरेज, इकराम अंसारी सहित बड़ी संख्या में हाजी मौजूद थे।
