हजारीबाग : दो गुटाें के बीच झड़प में मामला दर्ज, पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील

Crime

Eksandeshlive Desk

हजारीबाग : जिले के इचाक प्रखंड के डुमरौन में दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद घटना स्थल पर पुलिस बल तैनात है। हालांकि इलाके में स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस प्रशासन ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिला पुलिस बल को तैनात किया गया है। इधर, घटना के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि देश संविधान से चलता है।

पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना के संबंध में प्रशिक्षु आईपीएस श्रुति कुमारी ने बताया कि दोनों पक्षों से 45 लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। वहीं दो सौ अज्ञात पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में कानून के तहत अग्रतर कार्रवाई कर रही है। उल्लेखनीय है कि डुमरौन गांव में लोहे के खंभे पर लाउडस्पीकर बांधने के विवाद में बुधवार को दो गुटों में झड़प हो गई थी। दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ था। पत्थरबाजी में लगभग छह लोग घायल हो गए थे। उपद्रवियों ने एक बोलेरो, छह बाइक, एक स्कूटी और साइकिल को आग के हवाले कर दिया था। इस दौरान सड़क पर खड़ी ऑटो को पलट दिया और एक बाइक को कुएं में डाल दिया गया था। घटना में आठ वाहन जलकर राख हो गए। घटना के बाद पुलिस उपद्रवियों को लगातार चिन्हित कर रही है।