हजारीबाग: वज्रपात से धनरोपनी कर रही महिला की मौत

360° Ek Sandesh Live

Bhaskar Upadhyay
कटकमदाग/हजारीबाग: मानसून के इस मौसम में आकाशीय बिजली का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सदर विधानसभा अंतर्गत कटकमदाग प्रखंड स्थित ग्राम पंचायत कुसुंभा में एक दुखद घटना सामने आई जहां धनरोपनी कर रही 35 वर्षीय महिला सुनीता देवी की वज्रपात से मौत हो गई। मृतका की पहचान हजारीबाग सदर प्रखंड के ग्राम मंडई निवासी भोला यादव की पत्नी सुनीता देवी के रूप में हुई है। वह अपने मायके कुसुंभा आई हुई थीं और अपने भाई और बड़ी भाभी के साथ पाण्डेय पगार के पास खेत में धान रोप रही थीं। अचानक शाम को कुदरत का कहर बरसा और बिजली गिरने से उनकी तत्काल मृत्यु हो गई। गनीमत रही कि उनकी भाभी, जो उनके साथ ही धान रोप रही थीं वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना के बाद मृतका के भाई और भाभी ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें उठाकर हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सांसद मनीष जायसवाल ने मृतक परिवार को ढांढस बंधाते हुए इस घटना पर मिलने वाली मुआवजा राशि उपलब्ध करवाने में हरसंभव सहयोग का वादा किया। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि वे खेतों में काम करते समय बारिश और गरज के दौरान अत्यधिक सतर्कता बरतें ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।