Ashutosh Jha
काठमांडू : होटल व्यवसायी महासंघ नेपाल (HPFN) का पाँचवां महाधिवेशन गण्डकी प्रदेश के पोखरा में सम्पन्न हुआ। अधिवेशन ने टी.आर. भंडारी (शंकर) को अध्यक्ष के रूप में चुनते हुए नई कार्यसमिति का सर्वसम्मति से (निर्विरोध) चयन किया। पूरे कार्यसमिति का चुनाव निर्विरोध हुआ। नवनिर्वाचित अध्यक्ष भंडारी ने सभी प्रतिनिधियों, वरिष्ठ व्यवसायियों तथा सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए महासंघ को एक पारदर्शी, उत्तरदायी और सदस्य-केंद्रित संस्था के रूप में आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने पर्यटन और होटल क्षेत्र को अधिक प्रतिस्पर्धी और व्यवस्थित बनाने के लिए नीतिगत सुधार, निवेश-अनुकूल वातावरण निर्माण तथा व्यवसायियों के हितों की रक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही।
महासंघ देशभर के होटल व्यवसायियों को एकीकृत करते हुए नीति-निर्माण में पैरवी, क्षमता विकास और पर्यटन संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। नए नेतृत्व के साथ डिजिटल रूपांतरण, बुनियादी ढांचा विकास में सहयोग और कुशल जनशक्ति निर्माण में और तेजी आने की उम्मीद जताई गई है। पर्यटन क्षेत्र के संबंधित पक्षों ने विश्वास व्यक्त किया है कि नई कार्यसमिति निजी क्षेत्र और सरकार के बीच समन्वय को मजबूत करते हुए क्षेत्रीय विकास में सकारात्मक योगदान देगी।
