हरियाणवी मॉडल सिम्मी चौधरी का मिला शव, हिरासत में प्रेमी

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

पानीपत : प्रसिद्ध हरियाणवी मॉडल शीतल उर्फ सिम्मी चौधरी का शव सोमवार को सोनीपत स्थित खरखौदा नहर में मिला है। शीतल शनिवार से लापता थी। पुलिस ने उसके बॉयफेंड को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की बहन ने पुलिस में गुमशुदगी की सूचना भी दर्ज कराई थी। शीतल मूल रूप से पानीपत की रहने वाली थी। शनिवार (14 जून) को वह घर से शूटिंग के लिए निकली थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। रविवार सुबह पानीपत में दिल्ली पैरलल नहर में शीतल के बॉयफ्रेंड सुनील की कार खड़ी मिली थी। कार से शीतल के बॉयफ्रेंड सुनील और एक अन्य को निकाल गया था। सुनील पानीपत के एक अस्पताल में भर्ती है। शीतल उस कार में नहीं थी। सोमवार को शीतल का शव खरखौदा नहर में मिला है। उसके हाथ और छाती पर बने टैटू से पहचान हुई है।

शीतल की बहन नेहा ने बताया वह मूल रूप से गांव खलीला माजरा की रहने वाली है। हाल में वह सतकरतार कॉलोनी में रह रही थी। वे 4 बहनें और एक भाई है। बहनों में सबसे छोटी बहन 24 वर्षीय शीतल ही थी। शीतल तलाकशुदा है। उसका एक बच्चा है, जोकि अपने पिता के साथ ही रहता है। नेहा ने बताया कि शीतल इसराना के रहने वाले सुनील के करनाल मॉडल टाउन में स्थित होटल सुकून में काम करती थी। इसी दौरान उसने शूटिंग भी करनी शुरू की थी। करीब 6 माह पहले से ही शीतल शूटिंग करने लगी थी। उसने कई गानों में शूटिंग की है। होटल में काम करने के दौरान ही सुनील ने शीतल के साथ दोस्ती की थी। नेहा ने बताया कि इसके बाद सुनील उससे शादी करने की बात कहने लगा। इस बीच शीतल को पता चला कि सुनील पहले से ही शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। इसके बाद शीतल ने उसे मना कर दिया और होटल में काम भी करना बंद कर दिया। नेहा ने बताया कि 14 जून की रात डेढ़ बजे शीतल ने उससे वॉट्सऐप पर वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत की थी। इस दौरान उसने बताया था कि वह काम से निकल रही है और घर आ रही है। सुनील यहां भी पहुंच गया है और उसने उसके साथ मारपीट भी की है। उसकी गर्दन पर चोट लगी है। वह उसे जबरन अपने साथ चलने के बारे में कह रहा है। शीतल ने कहा था कि थोड़ी देर में आऊंगी, फिर संपर्क टूट गया। उन्हें रविवार को शीतल का शव मिलने की सूचना मिली है।

नेहा ने दावा किया कि शीतल ने फोन पर बताया था कि उसका बॉयफ्रेंड उसे पीट रहा है। उसे जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहा है। इसके बाद कॉल कट गई। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि शीतल आखिरी बार सुनील के साथ ही देखी गई थी। सुनील अस्पताल में है। इस बारे में पानीपत डीएसपी सतीश वत्स ने कहा कि मामले की जांच में सामने आया है कि आरोपी सुनील के खिलाफ शीतल की तरफ से पहले भी कई बार शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन उन मामलों में क्या रहा, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल सुनील अस्पताल में पुलिस हिरासत में उपचाराधीन है।