अजय राज
प्रतापपुर (चतरा): प्रखंड के गजवा जामा मस्जिद में ईद-उल-फितर का पावन पर्व हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शनिवार की सुबह लगभग सवा 8 बजे सैकड़ों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एकत्रित होकर ईद-उल-फितर की नमाज़ अदा की। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया।
ईद-उल-फितर की नमाज़ गजवा जामा मस्जिद के इमाम इम्तियाज जमाली ने परंपरागत रीति-रिवाज के अनुसार खुतबा देकर अदा कराई। अपने खुतबे में उन्होंने रमजान महीने की पवित्रता, रोज़े की अहमियत और इंसानियत, भाईचारे तथा आपसी सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि रमजान मुसलमानों का सबसे पवित्र महीना होता है, जिसमें लोग पूरे एक महीने तक रोज़ा रखकर इबादत करते हैं और अल्लाह से रहमत व बरकत की दुआ मांगते हैं। उन्होंने बताया कि पूरे एक महीने तक रोज़ा रखने के बाद जब शव्वाल का चांद दिखाई देता है तब ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाता है। यह पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे, त्याग और खुशियों को बांटने का संदेश देता है। नमाज़ के बाद मस्जिद परिसर में मौजूद ताबीज खान, अब्दुलबारी खान,मुन्ना खान,इरफान पठान, सलाउद्दीन खान, भोला यादव, पैक्स अध्यक्ष हरि कृष्णा यादव, रोहित कुमार, विकास कुमार सहित सैकड़ों लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाई दी और देश-दुनिया में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी। इस अवसर पर प्रतापपुर प्रखंड के कई गांवों में भी ईद-उल-फितर का त्यौहार मनाया गया तथा बड़ी संख्या में लोग नमाज़ अदा करने पहुंचे, जिससे पूरे क्षेत्र में ईद की खुशियां और रौनक देखने को मिली। ईद के मौके पर बच्चों और युवाओं में भी खासा उत्साह देखा गया। नमाज़ के बाद लोगों ने अपने घरों और रिश्तेदारों के यहां जाकर एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर ईद की खुशियां साझा कीं। पूरे इलाके में पर्व को लेकर उत्साह और सौहार्द का माहौल बना रहा।
