Eksandeshlive Desk
पूर्वी सिंहभूम : पूर्वी सिंहभूम के गोलमुरी थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय युवक कमलजीत सिंह की इलाज के दौरान मौत के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। बुधवार को परिजन शव के साथ गोलमुरी थाना पहुंच गए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार, टुइलाडुंगरी निवासी कमलजीत सिंह पर शराब के नशे में चापड़ से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर सीधे थाने पहुंचे और थाना परिसर में शव रखकर हंगामा किया। उन्होंने मुख्य आरोपी मिलन सिंह की जल्द गिरफ्तारी की मांग की और पुलिस प्रशासन पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद परिजन शांत हुए और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
