इंडिगो की चेन्नई-मुंबई फ्लाइट में बम की धमकी, हुई इमरजेंसी लैंडिंग

360° Ek Sandesh Live

Eksandeshlive Desk

मुंबई/रांची: चेन्नई से मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E-5314 को शनिवार को बम की धमकी मिली। इसके बाद मुंबई एयरपोर्ट पर फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इसमें 172 पैसेंजर्स सवार थे। फिलहाल, फ्लाइट में तलाशी ली जा रही है।मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्लाइट आज सुबह करीब 6.50 बजे चेन्नई से रवाना हुई थी। मुंबई जाने के दौरान इसमें एक लावारिस रिमोट मिला। इसके बाद पायलटों ने मुंबई एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना दी और इमरजेंसी लैंडिंग की इजाजत मांगी। मुंबई एयरपोर्ट पर सुबह 8.45 बजे फ्लाइट की लैंडिंग हुई। इसके बाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी की घोषणा कर दी गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों और एम्बुलेंस को स्टैंडबाय पर रखा गया। बम की आशंका के बीच फ्लाइट को एक आइसोलेशन-बे में ले जाया गया, जहां सभी यात्री उतर गए। मुंबई की एयरपोर्ट पुलिपुस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और
आगे की जांच में जुट गई है।

इंडिगो ने अपने बयान में बताया कि सभी यात्री सुरक्षित रूप से विमान से उतर गए हैं। अभी जांच चल रही है। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद फ्लाइट को वापस टर्मिनल एरिया में ले जाया जाएगा। एक हफ्ते के दौरान इंडिगो एयरलाइन को बम से जुड़ी यह दूसरी धमकी मिली है। 28 मई को दिल्ली से वाराणसी जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-2211 को धमकी मिली थी। विमान में दो बच्चे सहित 176 लोग सवार थे। फ्लाइट में सवार सभी यात्रियों को इमरजेंसी गेट से बाहर निकाला गया था। इसका वीडियो भी सामने आया था, जिसमें पैसेंजर्स और फ्लाइट क्रू को अपने सामान के साथ स्लाइड के जरिए से बाहर निकलते हुए देखा गया। इस घटना के बाद इंडिगो ने SOP का पालन नहीं करने के लिए दो पायलटों और केबिन क्रू सदस्यों को हटा दिया था।

विमान के बाथरूम से मिला धमकी भरा लेटर

बताते चलें कि मुंबई पुलिस के अनुसार जब फ्लाईट विमान मुंबई एयरपोर्ट से 40 किलोमीटर की दूरी पर था तभी विमान के बाथरूम से एक धमकी भरा लेटर बरामद हुआ। एक टिश्यू पेपर पर धमकी लिखी गई थी। लेटर के मिलने के बाद तुरंत इसकी जानकारी लोकल पुलिस और एजेंसियों को दी गई।