जाली नोट और एमडीएमए के अवैध कारोबार में एक आरोपी गिरफ्तार

Crime Ek Sandesh Live

SUNIL KUMAR

उधवा/साहिबगंज: राधानगर थाना पुलिस ने जाली नोट और नशीले पदार्थ एमडीएमए के अवैध कारोबार से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी उत्पल शाह को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

मिली जानकारी के अनुसार 21 अक्टूबर 2025 को काली पूजा के अवसर पर मिर्जानगर मेला के पास कुछ लोग जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान मनीष कुमार अपने दो साथियों उत्पल शाह और गंगा राजवंशी के साथ वहां पहुंचा और जाली नोटों के सहारे जुआ खेलने लगा। खेल के दौरान मेले में मौजूद लोगों को नोटों पर संदेह हुआ, जिसके बाद तीनों की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान मनीष कुमार के पास से जाली नोट बरामद हुए। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया, जबकि उत्पल शाह और गंगा राजवंशी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने मनीष को पकड़कर मेला समिति के हवाले कर दिया। पूछताछ में मनीष कुमार ने खुलासा किया कि जाली नोट उसे उत्पल शाह उपलब्ध कराता था और वही इस पूरे गिरोह का मुख्य सरगना है। उसने यह भी बताया कि उत्पल शाह और गंगा राजवंशी जाली नोटों के साथ-साथ एमडीएमए जैसे खतरनाक नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में भी संलिप्त हैं।

इस मामले में राधानगर थाना पुलिस ने कांड संख्या 435/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मनीष कुमार को पहले ही न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। पुलिस को तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर उत्पल शाह के ठिकाने का सुराग मिला, जिसके बाद छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।

Spread the love