जदयू ने बनाया अपना कार्यालय, नीतीश कुमार ने ऑनलाइन किया उद्घाटन

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : बीआईटी मोड़ के समीप प्रदेश जनता दल (यू) ने अपना नया कार्यालय बनाया है। बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर नए कार्यालय का उद्घाटन सोमवार को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ऑनलाइन किया। विधि विधान के साथ पूजा-पाठ और हवन किया गया। इस दौरान प्रदेश जदयू अध्यक्ष सह सांसद खीरू महतो, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय मौजूद रहे। दोनों ने संयुक्त रूप से फीता काट कर कार्यालय के अंदर प्रवेश किया। पार्टी के कई वरीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

कार्यसमिति की बैठक में निकाय चुनाव, सदस्यता अभियान और संगठन पर चर्चा हुई : उद्घाटन के बाद प्रदेश जदयू कार्यसमिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो ने की। बैठक में आगामी निकाय चुनाव, सदस्यता अभियान एवं संगठन पर चर्चा हुई। इसके पश्चात पहलगाम हमले में मारे गए निर्दोष नागरिकों को मौन रख कर श्रद्धांजलि दी गयी। खीरू महतो ने कार्यकर्ताओं से कहा कि लम्बे समय से हमें अपने कार्यालय की तलाश थी, आज यह पूर्ण हुआ। नए कार्यालय की तरह अब नए जोश से पार्टी को बढ़ाने में सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर आगे बढ़ें। विधायक सरयू राय के आवास पर भी अतिरिक्त कार्यालय चलता रहेगा। खीरू महतो ने सदस्यता अभियान जारी रखने और इसमें तेजी लाने की बात कही। साथ ही जिला अध्यक्षों से अपने जिलों में सांगठनिक मज़बूती के लिए कार्यक्रम तय करने को कहा। इसमें पार्टी के वरीय नेता भी जाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए जिलों में संगठन प्रभारी की घोषणा जल्द की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो सक्रिय सदस्य नहीं है, वह सक्रिय सदस्य बनें नहीं तो पंचायत में भी पदाधिकारी नहीं बन सकेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन नियमीत कार्यक्रम करे और इस माध्यम से जन मानस को पार्टी के साथ जोड़े। जिन कार्यकर्ताओं को निकाय चुनाव लड़ना है वह अपने वार्डों में सम्पर्क अभियान शुरू करें, बैठक करें और समस्याओं को पार्टी स्तर से हल कराने का प्रयास करें।

अनुराग गुप्ता को डीजीपी बनाए रखना अनुचित : खीरू महतो ने कहा कि अनुराग गुप्ता को डीजीपी बनाए रखना अनुचित है, नियम संगत नहीं है। ऐसा कर सरकार अन्य अधिकारियों को इस पद से वंचित कर रही है। मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा का उन्होंने स्वागत किया। मगर कहा कि विदेश में जो विकास हेमंत सोरेन ने देखा उस अनुरूप झारखंड में भी परिवर्तन करने की दिशा में आगे बढ़े। पहलगाम हमले की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को भारत की सेना और राजनीतिक नेतृत्व ने माकूल ज़वाब दिया है। देश परीक्षा की घड़ी से गुजरा है और मजबूत होकर उभरा है। सेना के शौर्य पर हमें गर्व है। जेडीयू की बैठक में डॉ आफ़ताब जमील, श्रवण कुमार, धर्मेंद्र तिवारी, भगवान सिंह, संजय सिंह, निर्मल सिंह, सागर कुमार, पिंटू सिंह, उपेंद्र सिंह, अखलेश राय, पी एन सिंह, सोमेन दत्ता सहित अन्य मौजूद थे