झामुमो के नगर अध्यक्ष का निधन

Politics

Eksandeshlive Desk

पश्चिम सिंहभूम : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता और चक्रधरपुर नगर अध्यक्ष मुन्ना खान का शुक्रवार देर रात निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे और इलाजरत थे। उनके निधन की खबर सुनते ही चक्रधरपुर सहित आस-पास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों ने भी उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुन्ना खान झामुमो संगठन में काफी सक्रिय भूमिका निभाते थे। उनकी मजबूत जनसंपर्क क्षमता, नेतृत्व कौशल और समर्पण को देखते हुए पार्टी ने उन्हें लगातार दूसरी बार नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा और संगठनात्मक क्षमता को सभी कार्यकर्ता और नेता बेहद सम्मान की दृष्टि से देखते थे।

मुन्ना खान के असामयिक निधन पर चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मुन्ना खान न केवल मेरे राजनीतिक साथी थे, बल्कि हर परिस्थिति में मार्गदर्शन करने वाले बड़े भाई जैसे थे। उनका जाना संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके विचार, स्नेह और योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। वे भले ही आज हमारे बीच शारीरिक रूप से उपस्थित नहीं हैं, लेकिन उनकी यादें और कार्य हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहेंगे। विधायक ने शोकसंतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि उन्हें इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। इधर, मुन्ना खान के निधन के बाद चक्रधरपुर और आसपास के क्षेत्रों में शोक सभा का आयोजन किया जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ता, सामाजिक संगठन और आम लोग लगातार पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।