झारखंड भाजपा ने 5628 शक्ति केंद्रों पर सदस्यता अभियान का किया शुभारंभ

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : भाजपा की ओर से रविवार को पूरे राज्य में पंचायत स्तर पर कैंप लगाकर भव्य तरीके से सदस्यता अभियान संगठन महापर्व का शुभारंभ किया गया। बताया गया कि इस दौरान गांव-गांव में जनता में सदस्यता ग्रहण करने के लिए उत्साह देखा गया। पंचायत, बूथों पर लोग एकत्रित होकर सदस्यता ग्रहण करने में जुटे रहे। ऑनलाइन सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम को तकनीक रूप में सफल बनाने में युवा कार्यकर्ताओं ने बढ़ चढ़कर सहभागिता निभाई।

उद्घाटन कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी अपने क्षेत्र में गिरिडीह जिला अंतर्गत बेलवाना पंचायत के खोरों गांव में सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया, जबकि प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने रांची जिला के हरमू मंडल अंतर्गत डीएवी स्वर्णरेखा शक्तिकेंद्र में संगठनपर्व का शुभारंभ किया। रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ चुटिया में, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय गिरिडीह के पचंबा शक्ति केंद्र में, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी इचाक के चाराडीह में, प्रदेश महामंत्री एवं सांसद आदित्य साहू ओरमांझी में, डॉ. प्रदीप वर्मा टाटीसिलवे मंडल के महिलौंग शक्तिकेंद्र में, मनोज कुमार सिंह मेदिनीनगर के बारालोटा शक्ति केंद्र में, राकेश प्रसाद रामगढ़ के पतरातु स्थित जयनगर शक्ति केंद्र में उपस्थित रहे।

संगठन महापर्व के तहत सदस्यता अभियान का शुभारंभ करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनता के सहयोग और समर्थन से ही भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है।आज भाजपा के 11 करोड़ से ज्यादा सदस्य हैं। मरांडी ने कहा कि भाजपा की नीतियों,कार्यक्रमों पर जनता का विश्वास बढ़ा है। देश तीसरी बार मोदी सरकार बनाने में जनता ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि भाजपा का गरीब कल्याण ,महिला सशक्तिकरण, अंत्योदय,किसान सम्मान, आयुष्मान भारत जैसी कल्याणकारी योजनाओं पर जनता का भरोसा बढ़ा है। जनता को यह विश्वास आत्मनिर्भर भारत, स्वाभिमानी भारत, विकसित भारत का सपना भाजपा ही पूरा कर सकती है। उन्होंने कहा कि झारखंड अलग राज्य भी भाजपा ने बनाया और भाजपा ही संवारेगी। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि विकसित भारत के लिए भाजपा को मजबूत करें। हर घर भाजपा हो। युवा और महिला शक्ति से उन्होंने बढ़ चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान किया और कहा कि ऑनलाइन नंबर 88000024 डायल कर भाजपा के सदस्य बने।