Eksandeshlive Desk
रांची : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने सभी जिला अध्यक्षों को 60 दिवसीय संविधान रक्षक अभियान पांच विषयों को लक्षित कर चलाने का निर्देश दिया है।
26 नवंबर से 26 जनवरी, 2025 तक अभियान चलेगा
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने कहा कि संविधान और समानता की लड़ाई, संविधान द्वारा गारंटीकृत आरक्षण की सुरक्षा, भेदभाव का उन्मूलन, गरीबों के संविधान विरुद्ध पूंजीवादी सरकार के पक्षपात को उजागर करना, संविधान द्वारा गारंटीकृत लोकतंत्र और स्वतंत्रता पर भाजपा के हमलों को लेकर यह अभियान चलाया जाएगा। 26 नवंबर से 26 जनवरी, 2025 तक यह अभियान चलेगा। इस पूरे अभियान के दौरान एससी, एसटी, ओबीसी, अल्पसंख्यक, महिला, युवा, किसान समुदायों की स्थिति को खराब करने और इन्हें लक्ष्य करने वाली विभाजनकारी नीतियों को उजागर किया जाएगा।
भाजपा की भेदभावपूर्ण नीतियों को प्रदर्शित किया जाएगा
सोनाल ने कहा कि अभियान के जरिए भाजपा द्वारा भेदभाव को प्रदर्शित करने वाले आंकड़े, पूंजीपतियों के प्रति पक्षपातपूर्ण नीतियों, केंद्र सरकार के शासनकाल में उत्पन्न आर्थिक असमानता, सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग से जनता को अवगत कराया जाएगा। जातिगत जनगणना की वकालत और आरक्षण प्रणाली पर भाजपा के भेदभाव पूर्ण विचारधारा को जनता के सामने लाना इस अभियान का अहम हिस्सा होगा। संविधान रक्षक अभियान के तहत रैलियां, जनसंपर्क, जमीनी स्तर पर जनसंवाद कर सभी मुद्दों को जनता के सामने लाया जाएगा। अभियान के द्वारा संविधान प्रदत अधिकारों, स्वतंत्रता और समानता की रक्षा को प्रतिबद्धता का प्रमाण बनाया जाएगा।