Eksandeshlive Desk
रांची : राज्य के 11 जिलों में 9 मार्च को बारिश और वज्रपात को लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। यह जानकारी मौसम विभाग ने गुरुवार को दी। विभाग के अनुसार 7 से 10 मार्च तक राज्य के विभिन्न जिलों में मौसम में परिवर्तन होने की संभावना है। इस दौरान गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। विभाग के अनुसार 7 मार्च को पूर्वी सिंहभूम पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 8 और 9 मार्च को 14 जिलों में हल्के दर्ज की बारिश हो सकती है।
वहीं 10 मार्च को राज्य के 13 जिलों में हल्के दर्जे की बारिश हो सकती है, जबकि 11 जिलों में गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में कोडरमा, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, गिरिडीह, दुमका, हजारीबाग, देवघर, जामताड़ा, बोकारो और धनबाद शामिल हैं। वहीं पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 36.4 डिग्री और सबसे कम तापमान गुमला जिले में 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा और मध्यम दर्जे की हवा चली। इससे दिन में धूप में काम तपिश महसूस की गई। रांची में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 15.2 डिग्री, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 35.1 और न्यूनतम 17.6 डिग्री, डालटेनगंज में अधिकतम 35.2 और न्यूनतम 15. 3 डिग्री, बोकारो में अधिकतम तापमान 34.4 और न्यूनतम 15.6 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 36.4 और न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
