Eksandeshlive Desk
रांची : झारखंड के आठ जिलों में 22 दिसंबर तक घना कुहासा छाये रहने की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने शुक्रवार को येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इस दौरान राज्य के उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-मध्य वर्ती जिलों (गढवा, पलामू, लातेहार, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरडीह और गिरिडीह) में घना कुहासा छाने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 23 दिसंबर को राज्य के कई जिलों में सुबह में हल्केे से मध्यम दर्जे का कुहासा छाया रहेगा और बाद में आसमान साफ हो जाएगा।
वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य भर में मौसम शुष्का रहा, जबकि उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-मध्यवर्ती जिलों में सुबह में कहीं-कहीं कुहासा भी देखने को मिला। इस दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 26.8 डिग्री और सबसे कम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इधर, शुक्रवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से आसमान में बादल छाये रहे और हल्के दर्जे की ठंडी हवा चली। इससे वातावरण में भारी कनकनी महसूस की गई। भारी ठंड के चलते लोग आग जलाकर तापते नजर आए, जबकि कुछ घरों में अंगीठी जलाकर लोगों ने हाथ-पांव गर्म किया। वहीं, शुक्रवार को रांची में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री, जमशेदपुर में 25.6 और 12.4 डिग्री, डालटेनगंज में 24.5 और 9.8 डिग्री, बोकारो में 22.5 और 10.1 डिग्री, चाईबासा में 26.8 डिग्री और 11.6 डिग्री, खूंटी में 23.5 और 7.6 डिग्री, लोहरदगा में 21.6 और 7.6 डिग्री, लातेहार में 18.6 और 8.7 डिग्री और सरायकेला में अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
